मऊगंज: ईद मिलादुन्नबी की तैयारियों के बीच मऊगंज जिले में हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। यहां के लौर थाना क्षेत्र के अलहौवा गांव में एक सनकी व्यक्ति ने ईद मिलादुन्नबी की तैयारी कर रहे लोगों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई, इस घटना में चार लोग झुलस गए जिसमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि 26 अगस्त को होने वाले ईद मिलादुन्नबी पर्व की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान शाम करीब 7 बजे गांव का ही निवासी राम रईस जायसवाल पेट्रोल लेकर मौके पर पहुंचा, और वहां मौजूद लोगों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना में अजहरुद्दीन उर्फ राजू गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि उसे बचाने के प्रयास में मोहम्मद सद्दाम, अनवर अली और अजहरुद्दीन का भाई अतीक अहमद भी घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल अजहरुद्दीन को तत्काल रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है, और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


