India becomes a non permanent member of UN Security Council | भारत चुना गया UNSC का अस्थाई सदस्य, पक्ष में पड़े 184 वोट, पाकिस्‍तान परेशान

नई दिल्ली: भारत बुधवार को 8वीं बार संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) का अस्थाई सदस्य चुन लिया गया. भारत वर्ष 2021-22 के बीच सुरक्षा परिषद के अस्थायी सदस्य के तौर पर मौजूद रहेगा. इसके पहले 1950-51, 1967-68, 1972-73, 1977-78, 1984-85, 1991-92 और 2011-12 में भारत यह जिम्मेदारी निभा चुका है. सुरक्षा परिषद में मौजूदगी से किसी भी देश का यूएन प्रणाली में दखल और दबदबे का दायरा बढ़ जाता है. ऐसे में 8 साल बाद भारत का सुरक्षा परिषद में पहुंचना काफी अहम है.

हालांकि पाकिस्तान इससे बेहद परेशान है. पाकिस्तान ने कहा है कि भारत का संयुक्त राष्ट्र संघ में सुरक्षा परिषद का अस्थाई सदस्य चुना जाना एक चिंता का विषय है. पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह मोहम्मद कुरैशी ने कहा है कि भारत का सुरक्षा परिषद में अस्थाई रूप से शामिल होना कोई बड़ी बात नहीं है. इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है. लेकिन हमारे लिए यह निश्चित तौर पर एक चिंता का विषय है. 

15 देश हैं सुरक्षा परिषद में 
संयुक्त राष्ट्र का सबसे अहम अंग है संयुक्त सुरक्षा परिषद जो कि पूरे विश्व में शक्ति संतुलन बनाकर रखता है. इस सुरक्षा परिषद में कुल 15 देश शामिल हैं जिनमें से पांच देशों को स्थायी सदस्य्ता प्राप्त है. इन देशों में अमेरिका, रूस, फ्रांस, ब्रिटेन और चीन हैं. इसके अतिरिक्त दस अन्य देशों को सुरक्षा परिषद की अस्थाई सदस्यता प्राप्त है और इन्हीं देशों के साथ अब भारत भी सुरक्षा परिषद का हिस्सा बन गया है.




Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here