नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि 28 फरवरी के बाद वैश्विक अस्थिरता और अनेक चुनौतियों के बीच भी भारत ने दृढ़ता, प्रगति और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना जारी रखा है। उन्होंने कहा कि बीते 23 दिनों में भारत ने रिश्ते बनाने, समय पर निर्णय लेने और संकट से प्रभावी ढंग से निपटने की अपनी मजबूत क्षमता का प्रदर्शन किया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब दुनिया विभिन्न खेमों में बंटी नजर आ रही है, तब भारत ने खाड़ी देशों, ग्लोबल वेस्ट, ग्लोबल साउथ और पड़ोसी देशों के साथ मजबूत सेतु बनाए हैं। इसी वजह से भारत एक विश्वसनीय साझेदार के रूप में उभरकर सामने आया है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब सवाल उठता है कि भारत किसके साथ खड़ा है, तो जवाब साफ है कि भारत अपने हितों, शांति और संवाद के साथ खड़ा है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि वैश्विक सप्लाई चेन में चुनौतियों के बावजूद भारत ने ऊर्जा, उर्वरक और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित कर मजबूती और विविधीकरण का उदाहरण पेश किया है।


