इंदौर में छात्रों का अनोखा प्रदर्शन: कलेक्टर कार्यालय पर मुंडन कर सस्ती शिक्षा और रोजगार की उठाई मांग

इंदौर में विभिन्न छात्र संगठनों और सैकड़ों छात्रों ने कलेक्टर कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पांच छात्रों ने मुंडन कराकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया। छात्र पिछले 14 दिनों से लगातार आंदोलन कर रहे हैं और सस्ती शिक्षा, बस किराए में रियायत, रोजगार सहित कई मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

इंदौर में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार 14वें दिन भी जारी रहा। सुनवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए छात्र कलेक्टर कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने नारेबाजी की और विरोध स्वरूप पांच छात्रों ने मुंडन भी कराया।प्रदर्शन में शामिल छात्रों का कहना है कि नीट पेपर लीक मामले के बाद युवाओं में आक्रोश बढ़ा है, जो अब शिक्षा और रोजगार से जुड़े व्यापक मुद्दों तक पहुंच गया है।

छात्रों ने सस्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने, छात्र-छात्राओं के लिए बस किराए में रियायत देने, बढ़ती महंगाई को देखते हुए विद्यार्थियों को राहत देने, बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा महिलाओं और छात्राओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की।प्रदर्शन के दौरान छात्र तिरंगा और संविधान की प्रतियां हाथों में लेकर पहुंचे और प्रशासन से जल्द उनकी मांगों पर कार्रवाई करने की अपील की। फिलहाल प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और छात्र अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here