दतिया। जन्मदिन, स्वागत और प्रचार के नाम पर लगने वाले बड़े-बड़े बैनर और होर्डिंग्स की परंपरा अब दतिया भाजपा में सवालों के घेरे में है। जिला भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष माधवेंद्र सिंह परिहार ने कार्यकर्ताओं से दिखावे और फिजूलखर्ची से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि होर्डिंग्स पर खर्च होने वाली राशि गौसेवा में लगाई जाएगी।जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में परिहार ने कहा कि महंगे होर्डिंग्स देखकर आर्थिक रूप से कमजोर कार्यकर्ताओं में हीनभावना पैदा हो सकती है। इसलिए ऐसे खर्च को कम करने की जरूरत है।विधायक की पहल पर फैसलाप्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि सेवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल की पहल पर होर्डिंग्स की राशि बेसहारा गायों की सेवा में लगाने का निर्णय लिया गया है। इस मौके पर विधायक अग्रवाल और पूर्व संभागीय संगठन मंत्री आशुतोष तिवारी भी मौजूद रहे।कार्यालय बनेगा कार्यकर्ताओं का केंद्रअध्यक्ष ने कहा कि भाजपा कार्यालय को कार्यकर्ताओं के लिए ऐसा केंद्र बनाया जाएगा, जहां वे अपनी समस्याएं लेकर आ सकें और उनकी सुनवाई हो सके। इसके लिए कई व्यवस्थाएं घोषित की गईं:जिलाध्यक्ष और वरिष्ठ पदाधिकारियों की एक टीम रोज दोपहर 12 बजे तक कार्यालय में मौजूद रहेगी।समस्याएं सुनकर संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क किया जाएगा।कार्यालय में समर्पित टोल-फ्री लैंडलाइन नंबर शुरू करने की योजना है।अध्यक्ष या अन्य प्रमुख नेता जिले से बाहर हों, तब भी मौजूद वरिष्ठ पदाधिकारी फोन पर कार्यकर्ताओं की बात सुनकर समाधान की प्रक्रिया आगे बढ़ाएंगे।ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले कार्यकर्ताओं की सुविधा के लिए कंप्यूटर ऑपरेटर उपलब्ध कराने की योजना है, जो उनकी समस्याओं से जुड़े आवेदन तैयार कर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने में मदद करेगा।कार्यालय में सीसीटीवी कैमरे लगाने और दूर-दराज से आने वाले कार्यकर्ताओं के ठहरने व भोजन की व्यवस्था करने की बात भी कही गई है।चार महीने में हर बूथ तक पहुंच का लक्ष्यपरिहार ने बताया कि दतिया, सेवढ़ा और भांडेर, तीनों विधानसभा क्षेत्रों के हर पोलिंग बूथ तक संगठन की सीधी पहुंच बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए अगले चार महीने में व्यापक अभियान चलाया जाएगा। दूरस्थ या दुर्गम क्षेत्रों में जहां जिला नेतृत्व का पहुंचना संभव नहीं होगा, वहां के बूथ अध्यक्षों और उनकी टीम को जिला कार्यालय बुलाया जाएगा। उनके साथ बैठक कर स्थानीय समस्याएं सुनी जाएंगी और समाधान के प्रयास किए जाएंगे।मीडिया से भी सुझाव का आह्वानपरिहार ने कहा कि राजनीति में यदि संगठन का नेतृत्व रास्ता भटकता है, तो मीडिया उसे खुलकर सही रास्ता दिखाए। उन्होंने कहा, राजनीति एक रपटीली राह है, जहां वे खुद भी फिसल या भटक सकते हैं। यदि कोई उन्हें राह बदलने को कहेगा, तो वे उसे सहर्ष स्वीकार करेंगे।कार्यकर्ताओं का सम्मान प्राथमिकताजिलाध्यक्ष ने कहा कि चुनाव में मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं का मान-सम्मान बनाए रखना और उनकी आवाज शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने अपने 40 साल के राजनीतिक जीवन का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने निष्ठा के साथ काम किया है। उनके मुताबिक पद आते-जाते रहते हैं, लेकिन संगठन और कार्यकर्ताओं के प्रति जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है।