Jan Ashirwad Yatra : शिवराज ही जन आशीर्वाद यात्रा चेहरा, श्रीराम की तपोभूमि से शिवराज को आशीर्वाद

विधानसभा चुनाव : भगवान राम की तपोभूमि चित्रकूट क्षेत्र से बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत, जेपी नड्डा ने हरी झंडी दिखाई


चित्रकूट। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी जन आशीर्वाद यात्राएं निकाल रही है। रविवार को इसका आगाज भगवान राम की तपोभूमि चित्रकूट क्षेत्र के मझगवां के मिचकुरिन से हुआ। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने यात्रा को हरी झंडी दिखाई, उन्होंने पहले भगवान कामतानाथ के दर्शन किए। नड्डा का ढाई महीने में यह मध्यप्रदेश का दूसरा दौरा है। इससे पहले वे 27 जून को कार्यकर्ता सम्मेलन के लिए भोपाल आए थे। पूर्व में तय कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को चित्रकूट विधानसभा (सतना जिला) से यात्रा शुरू करानी थी, लेकिन वे अब पांच सितंबर को मंडला से महाकौशल क्षेत्र और श्योपुर से ग्वालियर-चंबल क्षेत्र की यात्राओं का शुभारंभ करेंगे।
फिर इस बार बीजेपी की सरकार के नारे के साथ निकलने वाली जन आशीर्वाद यात्रा का चेहरा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ही हैं। वे हर दिन अलग-अलग यात्राओं में शामिल होंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक ये पांचो यात्राएं 21 से 24 सितंबर के बीच राजधानी भोपाल पहुंचेंगी, जिसके बाद 25 सितंबर को कार्यकर्ता महाकुंभ का आयोजन होगा. इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे।

रहुल की मोहब्बत की दुकान पर नड्डा का हमला
मिचकुरिन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि मध्य प्रदेश वर्षों में बीमारू राज्य से निकलकर विकसित प्रदेश में पहुंच गया है । भाजपा और डबल इंजन की सरकार में यहां विकास की गंगा बही है । उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश स्वच्छता स्वास्थ्य एवं उद्योग के मामले में नंबर वन है । नड्डा ने कहा कि मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं उनकी मोहब्बत की दुकान में सनातन धर्म के प्रति इतनी नफरत कहां से आ रही है। मैं पुरुषोत्तम राम की इस धरा से पूछना चाहता हूं क्या उनमें इतना साहस है कि यह उसे चुनावी मुद्दा बनाकर लोगों के बीच जाएंगे । नड्डा ने कहा कि नवंबर के महीने में आप भाजपा को उसके काम एवं विकास के लिए आशीर्वाद दें जिससे प्रदेश और तेजी से विकास कर सके । इस अवसर पर उन्होंने एक बार फिर देश विरोधी ताकतों पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां एक तरफ भारत चंद्रमा एवं सूर्य पर तो हासिल करने का प्रयास कर रहा है तो दूसरी तरफ इंडिया संगठन के लोग देश में सनातन धर्म का विरोध कर अपनी नैतिक रोटियां सेकना चाह रहे हैं ।

चित्रकूट में ये नेता हुए शामिल

शनिवार को चित्रकूट में जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के अलावा राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, केंद्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव, केंद्रीय मंत्री व चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री व प्रदेश सह चुनाव प्रभारी अश्विनी वैष्णव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने रथ यात्राओं को हरी झंडी दिखाई।

पहली बार मप्र में एक साथ पांच यात्राएं
बीजेपी पहली बार मध्यप्रदेश में एक साथ पांच यात्राएं निकाल रही है। पहले चरण की यात्रा सतना जिले के चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र के मझगवां के पास मिचकुरिन गांव से शुरू हुई। 4 सितंबर को नीमच से यात्रा शुरू होगी। 5 सितंबर को मंडला और 6 सितंबर को श्योपुर से जन आशीर्वाद की शुरुआत होगी। यानी विंध्य, महाकौशल, मालवा के इंदौर और उज्जैन डिवीजन के साथ ही ग्वालियर चंबल में भी बीजेपी जन आशीर्वाद यात्रा निकालेगी।

230 में से 210 विधानसभा सीटें कवर करने का प्लान
17-18 दिन में ये पांच यात्राएं कुल 10643 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी और बीजेपी का प्लान इनके जरिए 230 में से 210 विधानसभा सीटें कवर करने का है। इस दौरान कुल 678 छोटी और 211 बड़ी रैलियों के आयोजन का भी कार्यक्रम है।.

सीएम शिवराज ने जताई खुशी
मुख्यमंत्री शिवराज ने इस अवसर पर खुशी जताते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की जनता को प्रणाम करता हूं। इस बार भी आपका आशीर्वाद लेने हम आ रहे हैं। जनता ने सदैव भाजपा को आशीर्वाद दिया है, इस बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार में हुए जनकल्याण के कार्यों के कार्यों के आधार पर हम जनता का आशीर्वाद लेने जा रहे हैं।

यह बोले- प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा
भाजपा पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि हमारा पूर्ण विश्वास है कि पीएम मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी के नेतृत्व में जनहितैषी योजनाओं और विकास की नीतियों को जनता का आशीष मिलेगा। इन पांचों यात्राओं से प्रदेशभर की जनता का समर्थन और आशीर्वाद मिलेगा। 25 सितंबर को आयोजत कार्यकर्ता महाकुंभ में 10 लाख कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री मोदीआशीर्वाद देंगे।

भाजपा सरकार ने विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए
चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सारा प्रदेश इस बात का साक्षी है कि पीम मोदी के नेतृत्व में केंद्र एवं सीएम शिवराज चौहान के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने विकास के नये कीर्तिमान स्थापित किए हैं। पूर्ण विश्वास है कि जन आशीर्वाद यात्रा सफलता के नये सोपान गढ़ेगी। इसे जनता का अपार स्नेह और समर्थन मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here