देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को जिले में शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ खजुराहो के विश्वप्रसिद्ध पश्चिमी मंदिर समूह प्रांगण में ‘आशीर्वाद का दीया 2026’ के भव्य आयोजन के साथ हुआ। लगभग एक लाख दीपों के सामूहिक प्रज्ज्वलन से पूरा मंदिर परिसर दिव्य रोशनी से जगमगा उठा। इस भव्य दीप प्रज्ज्वलन में स्कूलों के छात्र-छात्राओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, विभिन्न शासकीय विभागों के कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हजारों लोगों की सहभागिता और एक साथ प्रज्ज्वलित हुए दीपों ने खजुराहो की ऐतिहासिक धरोहर को अनुपम आभा प्रदान की।
दीपों से उकेरी गई विकास, विरासत और सेवा की कहानी
पश्चिमी मंदिर समूह प्रांगण में दीपों की आकर्षक सज्जा के माध्यम से भारत देश का नक्शा, देश की पहली नदी जोड़ो परियोजना केन-बेतवा लिंक परियोजना की लहरें तथा कंदरिया महादेव मंदिर का प्रारूप उकेरा गया। इन आकृतियों के केंद्र में ‘आशीर्वाद का दीया छतरपुर 2026’ की सुंदर संरचना बनाई गई, जिसने पूरे आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। दीपों से ‘नमोः सेवा संकल्प के 25 वर्ष’ की आकृति भी उकेरी गई, जो सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को प्रदर्शित कर रही थी।
ऐतिहासिक मंदिरों की पृष्ठभूमि में दीपों से सजी भारत की आकृति, केन-बेतवा की लहरें और कंदरिया महादेव का प्रारूप खजुराहो की सांस्कृतिक विरासत के साथ विकास और सेवा के संकल्प का अद्भुत संगम प्रस्तुत कर रहे थे। कार्यक्रम में राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री, नगरपरिषद अध्यक्ष अरुण कुमार अवस्थी, कलेक्टर मृणाल मीना, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान के शुभारंभ में सहभागिता की। लगभग एक लाख दीपों से सजा खजुराहो का पश्चिमी मंदिर समूह इस अवसर पर सेवा, संस्कृति, विरासत और विकास के संकल्प का जीवंत प्रतीक बन गया।