“पुलिस नहीं, हत्यारों जैसा व्यवहार कर रही खाकी”: सुरेंद्र मौत मामले में जीतू पटवारी का सरकार पर हमला* *विधायक के बेटे पर हत्या का आरोप, CBI व न्यायिक जांच की मांग; विधानसभा में उठेगा मुद्दा*
छतरपुर: मध्य प्रदेश में सुरेंद्र सिंह नामक व्यक्ति की संदिग्ध मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस मामले में प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला है।मीडिया से बातचीत के दौरान पटवारी ने कहा कि पुलिस का व्यवहार रक्षक जैसा नहीं बल्कि अपराधियों को बचाने वाला नजर आ रहा है।
उन्होंने दावा किया कि मृतक की पत्नी और बच्चों ने स्पष्ट रूप से भाजपा विधायक के बेटे पर हत्या का आरोप लगाया है।पटवारी ने सवाल उठाया कि यदि यह आत्महत्या है, तो मृतक के शरीर पर चोट के निशान कैसे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मरने से पहले सुरेंद्र ने अपनी पत्नी को मारपीट की जानकारी दी थी, जिससे मामला और संदिग्ध हो जाता है।
कांग्रेस नेता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि थाने के सीसीटीवी फुटेज का गायब होना और मृतक के मोबाइल से डेटा हटाया जाना किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा नेताओं और उनके परिजनों को पुलिस का संरक्षण मिल रहा है।
पटवारी ने जिले के एसपी को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच नहीं हुई और सही धाराओं में एफआईआर दर्ज नहीं की गई, तो कांग्रेस न्याय के लिए अदालत का रुख करेगी। उन्होंने इस मामले में सीबीआई जांच और रिटायर्ड जज से न्यायिक जांच की मांग की है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो चुकी है और थानों में होने वाली मौतें चिंता का विषय बनती जा रही हैं। कांग्रेस इस मुद्दे को आगामी विधानसभा सत्र में जोर-शोर से उठाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
बाइट, जीतू पटवारी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष


