देवास के चंदाना और बींजाना में जहरीली शराब से हुईं एक दर्जन से ज्यादा मौतों को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को सरकार और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी , पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। जीतू पटवारी ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि जहरीली शराब कांड में जिम्मेदारों पर तत्काल हत्या का केस दर्ज किया जाए। यदि मांग पूरी नहीं हुई तो वे इंदौर और उज्जैन से 50 हजार लोगों को जुटाकर देवास,उज्जैन,भोपाल तक पैदल यात्रा निकालेंगे।
कलेक्टर कार्यालय के घेराव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने गेट पर दो लेयर की मजबूत बैरिकेडिंग कर रखी थी। इसके बावजूद आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ गए और मुख्य सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शन में शराब कांड में जान गंवाने वाले पीड़ितों के परिजन और छोटे-छोटे बच्चे भी शामिल हुए। वे हाथों में अपने परिजन की तस्वीरें लेकर न्याय की गुहार लगा रहे थे। करीब डेढ़ घंटे चले इस प्रदर्शन में पटवारी ने कहा कि जब जहरीली शराब से साफ तौर पर लोगों की जान गई है, तो हत्या की धारा में एफआईआर दर्ज करने में देरी क्यों की जा रही है?
इस बीच चर्चा करने पहुंचे ADM शोभाराम सोलंकी और SDM अभिषेक शर्मा के सामने जीतू पटवारी ने तीखे सवाल दागे। उन्होंने एडीएम को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वे जिले का ऐसा एक भी गांव बता दें जहां अवैध शराब न बिकती हो, वे उन्हें राष्ट्रपति पुरस्कार दिलवाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को शराब माफिया का साथ न देने की नसीहत देते हुए कहा कि लोग जान गंवा रहे हैं और प्रशासन केवल जांच का बहाना बना रहा है। प्रदर्शन के दौरान जीतू पटवारी ने हाथ में शराब की बोतल लहराते हुए प्रशासन की ढीली जांच प्रक्रिया पर कड़ा तंज कसा।
उन्होंने एडीएम,SDM के सामने बोतल बढ़ाकर कहा, “इससे अच्छी जांच नहीं हो सकती, इसे पीकर देख लो।” उन्होंने सवाल उठाया कि जिन लोगों ने यह शराब पी, उनकी मौत हो चुकी है, इससे बड़ा सबूत प्रशासन को और क्या चाहिए? पटवारी ने साफ कर दिया कि जब तक दोषियों पर हत्या का मामला दर्ज नहीं होता, तब तक कांग्रेस का यह उग्र आंदोलन रुकने वाला नहीं है।बाईट- जीतू पटवारी, PCC चीफ, मप्र आपको यह भी बता दें कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी शनिवार दोपहर पीड़ित परिजनों से मिलने मौके पर पहुंचे थे। उसके बाद कलेक्टर कार्यालय आकर अधिकारियों को चेताया था कि मृतकों के दोषियों पर कार्रवाई करें अन्यथा मंगलवार को बड़ा आंदोलन करने वे खुद फिर आएंगे… इसके बाद सोमवार शाम को नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी पीड़ित परिजनों से मिलने चंदाना आए थे।
मौके से उन्होंने CM को भी फोन किया था। वहीं आज कांग्रेस के प्रदर्शन में पीड़ित परिजन जान गंवाने वाले अपनों की तस्वीर लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए। आपको एक और ख़ास बात यह भी बता दें कि इधर कांग्रेस का यह प्रदर्शन ख़त्म हुआ और शाम होते होते शराब कांड में सागर के कलेक्टर , SP के साथ देवास के कलेक्टर ऋतुराज और SP पुनीत गेहलोद को भी भोपाल बुला लिया गया। इतना ही नहीं देर शाम को जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया को तो प्रदेश के आबकारी कमिश्नर ने सस्पेंड कर दिया है….
सहायक जिला आबकारी अधिकारी निलेश कुमार पवार, आबकारी सब इंस्पेक्टर राजश्री खन्ना को भी सस्पेंड कर दिया गया है।
बाईट- जीतू पटवारी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष


