पन्ना :- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ सागर लोकायुक्त की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उद्यान विभाग के सहायक संचालक प्रदीप कुमार श्रीवास्तव को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पवई क्षेत्र में स्थापित चक्की-स्पेलर उद्योग की सरकारी सब्सिडी जारी करने के बदले की गई रिश्वतखोरी के मामले में हुई है। इस बड़ी कार्रवाई के बाद जिले के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
लोकायुक्त टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी अधिकारी की पत्नी श्रीमती रवि खरे को भी सह-आरोपी बनाया है जो शिक्षा विभाग में पदस्थ हैं।आवेदक भगवत साहू ने पवई में चक्की-स्पेलर उद्योग लगाया था जिसके लिए 2 लाख 30 हजार 8 रुपये की सब्सिडी स्वीकृत हुई थी। आरोप है कि सब्सिडी जारी कराने के नाम पर अधिकारी प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने 2 लाख रुपये और विभाग के कर्मी प्रजापति ने 60 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार 2 लाख रुपये की रिश्वत किश्तों में तय हुई थी जिसमें से 10 हजार रुपये पहले दिए जा चुके थे और आज 50 हजार रुपये देते समय लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाकर अधिकारी को दबोच लिया। फिलहाल भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


