इश्क बना मौत की वजह? प्नवविवाहित युवक की हत्या कर जंगल में पत्थरों के नीचे मिला शव; तीन हिरासत में

छतरपुर। जिले के सटई थाना क्षेत्र के अमरोनिया जंगल में 22 वर्षीय युवक मनीराम रैकवार की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दो दिन से लापता युवक का खून से लथपथ शव बरगा हार नाले के पास पानी भरे स्थान से बरामद हुआ। शव को पत्थरों से ढक दिया गया था ताकि घटना छिपी रहे। पुलिस ने हत्या के संदेह में तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, ग्राम सिगरामपुरा निवासी मनीराम रैकवार 9 जुलाई को गेहूं पिसाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों की शिकायत पर सटई थाने में गुमशुदगी दर्ज की गई। जांच के दौरान पुलिस को अमरोनिया जंगल में उसकी मोटरसाइकिल मिली। इसके बाद सर्च अभियान चलाया गया, जिसमें पानी भरे स्थान पर पत्थरों के नीचे दबा युवक का शव बरामद हुआ।प्रारंभिक जांच और पोस्टमार्टम के दौरान सामने आया कि युवक की पहले गला घोंटकर हत्या की गई। गले पर किसी नुकीली वस्तु से वार के निशान भी मिले हैं। बीएमओ डॉ. महेश त्रिवेदी ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी।घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और अन्य मांगों को लेकर सटई बस स्टैंड पर चक्काजाम कर दिया तथा पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर दिया। करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। बाद में नायब तहसीलदार इन्द्र कुमार गौतम और थाना प्रभारी सुनीता बिंदुआ ने समझाइश देकर जाम समाप्त कराया। प्रशासन द्वारा जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन शांत हुए।मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी पर हत्या करवाने का संदेह जताया है। उनका कहना है कि मनीराम की शादी महज दो महीने पहले हुई थी और घटना के पीछे साजिश हो सकती है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और किसी भी निष्कर्ष पर जांच पूरी होने के बाद ही पहुंचा जाएगा।पुलिस की जांच में किशनगढ़ निवासी अलहुआ, अखिलेश पटेल और भरत यादव से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में मामला प्रेम-प्रसंग और शादी से जुड़े विवाद से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस एक महिला की भूमिका की भी जांच कर रही है।पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है। सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

बाइट, रजत सकलेचा एसपी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here