Madhya Pradesh Weather : अक्टूबर में अजब-गजब होने लगा मौसम

भोपाल। मध्य प्रदेश के मौसम ने करवट बदलना शुरू कर दिया है। अब प्रदेश के सभी जिलों में गर्मी के साथ ही सर्दी का प्रभाव भी दिखाई देने लगा है। जैसे-जैसे मानसून लौट रहा है, वैसे-वैसे ठंड की शुरुआत भी होने लगी है। कल किसी भी जिले में बारिश नहीं हुई। हालांकि मौसम विभाग ने 10 अक्टूबर तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का अनुमान भी आया है। वैज्ञानिकों का कहना है कि अक्टूबर महीने में मानसून लौटने लगता है। इस कारण दिन में तेज गर्मी होती है, रात में सर्दी का मौसम बनता है और इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कुछ स्थानों में बारिश भी हो जाती है। अक्टूबर के महीने में मौसम के अलग-अलग रूप देखे जाते हैं। मानसून के लौटते ही आसमान साफ हो जाता है। इससे दिन में तेज गर्मी होती है और रात में उतनी ही ठंड पड़ने लगती है। उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो जाता है। इस कारण बे मौसम बारिश का सिलसिला भी चलते रहता है। आपको बता दें कि प्रदेश की 20 से भी अधिक जिलों से मानसून की वापसी हो चुकी है। आने वाले दो-तीन दिनों में राजधानी भोपाल, इंदौर और नर्मदापुरम से भी मानसून की विदाई हो सकती है। इसके साथ ही प्रदेश के तापमान में बदलाव जारी है। आज प्रदेश की गुना में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस गुना में रिकॉर्ड हुआ। सागर में 35.6, जबलपुर में 32.6, दमोह में 35.5, भोपाल में 34.3, ग्वालियर में 34.8, नर्मदापुरम में 35 डिग्री सेल्सियस, उज्जैन में 35.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। प्रदेश का न्यूनतम तापमान भी तेजी से गिरा। रायसेन में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। राजधानी भोपाल में 19.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम पर पहुंच गया। इसके अलावा प्रदेश के अधिकांश जिलों का न्यूनतम तापमान भी 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग ने दृष्टिकोण जारी करते हुए बताया है कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में बड़ी गिरावट देखने को मिलेगी। गुरुवार को सिंगरौली, सीधी, रीवा, अनूपपुर, शहडोल, डिंडोरी, छिंदवाड़ा सिवनी और बालाघाट जिलों में कहीं-कहीं वज्रपात और गरज चमक की स्थिति बन सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here