छतरपुर। महाराजा छत्रसाल रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब चलती ट्रेन से उतरते समय एक युवक प्लेटफॉर्म और पटरी के बीच फंस गया। समय रहते यात्रियों की सूझबूझ और रेलवे कर्मचारियों की तत्परता से उसकी जान बचा ली गई।जानकारी के मुताबिक, दिल्ली से आ रही कुरुक्षेत्र-खजुराहो गीता जयंती एक्सप्रेस (11842) जैसे ही स्टेशन पर पहुंची, उसमें भारी भीड़ के चलते अफरा-तफरी मच गई।
इसी दौरान ग्राम पाली (बिजावर) निवासी राम प्रसाद अहिरवार उतरने का प्रयास कर रहा था, तभी धक्का-मुक्की में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच बने गैप में जा फंसा।घटना को देख पास खड़े एक यात्री ने तुरंत उसका हाथ पकड़ लिया और शोर मचा दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोको पायलट ने फौरन इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्टेशन स्टाफ मौके पर पहुंचा।
युवक को सुरक्षित निकालने के लिए कर्मचारियों ने त्वरित निर्णय लेते हुए प्लेटफॉर्म के एक हिस्से को तोड़ दिया। कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया और तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक बुरी तरह फंसा हुआ था, लेकिन समय पर मदद मिलने से उसकी जान बच गई।इस साहसिक बचाव अभियान को देख मौके पर मौजूद लोगों ने रेलवे कर्मचारियों को ‘देवदूत’ बताया और उनकी तत्परता की सराहना की।


