छतरपुर में बड़ा हादसा: केन-बेतवा परियोजना के मजदूरों से भरी बस का ब्रेक फेल, एक की मौत, 15 घायल अस्पताल में भर्ती

छतरपुर जिले के किशनगढ़ थाना क्षेत्र में ढोढ़न बांध के पास केन-बेतवा लिंक परियोजना में काम करने वाले मजदूरों से भरी बस हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि बस का अचानक ब्रेक फेल हो गया, जिसके बाद बस की रफ्तार बढ़ गई। इस दौरान जान बचाने के लिए कई मजदूर चलती बस से कूद गए। हादसे में एक मजदूर की मौत होने की सूचना है, जबकि करीब 15 मजदूर घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल छतरपुर लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।जानकारी के अनुसार, बस में करीब 48 मजदूर सवार थे। सभी मजदूर केन-बेतवा लिंक परियोजना में काम खत्म करने के बाद घर जाने के लिए बस से रवाना हुए थे। इसी दौरान ढोढ़न बांध के पास अचानक बस का ब्रेक फेल हो गया। बस की रफ्तार बढ़ने पर चालक ने मजदूरों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद घबराहट में कई मजदूर चलती बस से कूदने लगे। घायल मजदूर के मुताबिक, काम पूरा होने के बाद सभी लोग बस से जा रहे थे। अचानक ब्रेक फेल होने से बस की गति बढ़ गई। चालक ने भी बस की रफ्तार बढ़ने की बात बताई, जिसके बाद मजदूरों ने जान बचाने के लिए बस से छलांग लगा दी। घायल मजदूर ने हादसे में 20 से 22 लोगों के घायल होने और एक मजदूर की मौत होने की बात कही है। जिला अस्पताल में एक मजदूर की मौत की पुष्टिजिला अस्पताल में पदस्थ चिकित्सक डॉ. रोशन द्विवेदी ने बताया कि रात करीब 9 से 10 बजे के बीच हादसे में घायल लगभग 15 लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें एक मजदूर की मौत हो चुकी थी। अन्य घायलों को भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।बताया जा रहा है कि बस में सवार अधिकांश मजदूर बिहार और उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। फिलहाल घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here