Marwahi By-Election: अमित जोगी की पत्नी की जाति पर उठे सवाल, उपचुनाव से पहले प्रमाणपत्र रद्द करने की मांग | raipur – News in Hindi

Marwahi By-Election: अमित जोगी की पत्नी की जाति पर उठे सवाल, उपचुनाव से पहले प्रमाणपत्र रद्द करने की मांग

मरवाही उपचुनाव से पहले अमित जोगी की पत्नी ऋचा जोगी की जाति को लेकर उठे सवाल. (फोटो साभारः Amit Jogi Twitter)

Marwahi Assembly By-Election: छत्तीसगढ़ में सिर्फ एक विधानसभा सीट मरवाही में उपचुनाव को लेकर बीजेपी(BJP), कांग्रेस (Congress) और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (JCCJ) के बीच हो रही है जंग. पूर्व सीएम अजीत जोगी के पुत्र अमित जोगी (Amit Jogi) इस सीट से लड़ रहे हैं चुनाव.

रायपुर. छत्तीसगढ़ में सिर्फ एक विधानसभा सीट, मरवाही में होने वाले उपचुनाव (Marwahi Assembly By-Election) को लेकर बड़ी खबर आ रही है. यहां से चुनाव मैदान में उतरे प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के बेटे और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (JCCJ) के अध्यक्ष अमित जोगी (Amit Jogi) की पत्नी के जाति प्रमाणपत्र पर सवाल उठाया गया है. बीजेपी नेता संत कुमार नेताम (Sant Kumar Netam) ने 18 बिंदुओं पर आपत्ति जताते हुए अमित जोगी की पत्नी ऋचा जोगी (Richa Jogi) का जाति प्रमाणपत्र रद्द करने की मांग की है. आपको बता दें कि अजीत जोगी की परंपरागत सीट के रूप में चर्चित मरवाही विधानसभा पर होने वाले उपचुनाव का रण जीतने के लिए प्रदेश की सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस (Congress) और प्रमुख विपक्षी दल भाजपा (BJP), दोनों जी-तोड़ कोशिश कर रहे हैं.

मरवाही उपचुनाव से पहले जनता कांग्रेस के नेता अमित जोगी की पत्नी की जाति को लेकर उठे सवालों के साथ ही अब चुनाव और रोमांचक होता नजर आ रहा है. दरअसल, बीजेपी नेता संत कुमार नेताम जाति प्रमाणपत्र की लड़ाई अर्से से लड़ते आ रहे हैं. ऐन उपचुनाव से पहले उन्होंने 18 बिंदुओं के साथ फिर से आपत्ति उठाई है. नेताम ने अपनी आपत्ति में अमित जोगी की पत्नी ऋचा जोगी की जाति पर सवाल उठाया है. उन्होंने ऋचा जोगी के ऊपर गोंड जाति की नहीं होने का आरोप लगाते हुए उनका जाति प्रमाणपत्र तत्काल रद्द करने की मांग की है.

आपको बता दें कि मरवाही विधानसभा सीट पिछले दो दशकों से जोगी परिवार के कब्जे वाली सीट मानी जाती रही है. पूर्व सीएम अजीत जोगी इस सीट से लगातार चुनाव जीतते रहे हैं. इसी साल मई में उनके निधन के बाद अब इस क्षेत्र के लिए उपचुनाव कराए जा रहे हैं. चूंकि अब अजीत जोगी नहीं हैं, इसलिए प्रदेश की सत्ता में 15 साल बाद लौटी कांग्रेस पार्टी की मरवाही पर नजरें टिकी हुई हैं. वहीं, प्रमुख विपक्षी दल बीजेपी भी इस सीट पर उपचुनाव का रण जीतकर विधानसभा में अपने सदस्यों की संख्या में वृद्धि करना चाहती है. बीजेपी के लिए इस सीट पर जीत, राजनीतिक रूप से उसका मनोबल बढ़ाने वाली भी होगी. यही वजहें हैं कि मरवाही उपचुनाव की जंग और रोमांचक होती जा रही है.

बीते दिनों जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के नेता अमित जोगी ने सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी के ऊपर मरवाही विधानसभा उपचुनाव में जीत के लिए हर हथकंडे अपनाने का आरोप भी लगाया था. अमित जोगी ने मरवाही में कांग्रेस द्वारा मतदाताओं के बीच साड़ी बंटवाने के कई वीडियो भी सोशल मीडिया में शेयर किए थे. उन्होंने आरोप लगाया था कि मरवाही से उन्हें हराने के लिए कांग्रेस पार्टी हर तरह के हथकंडे अपना रही है.




Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here