नर्मदापुरम। जिले के माखननगर स्थित कनकधारा वेयरहाउस में भंडारित शासकीय मूंग की गुणवत्ता को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। शिकायत के बाद कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश पर जांच दल ने वेयरहाउस का औचक निरीक्षण किया, जहां मूंग के लॉट में निर्धारित मानकों से अधिक मात्रा में मिट्टी मिली। कुछ बोरियां तो पूरी तरह मिट्टी से भरी पाई गईं। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने तत्काल कनकधारा वेयरहाउस को सील कर दिया है। मूंग के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम देवेंद्र सिंह ने बताया कि वेयरहाउस में करीब 32 हजार क्विंटल शासकीय मूंग भंडारण के लिए रखी गई थी। जांच के दौरान मूंग के नमूने लिए गए हैं, जिन्हें परीक्षण के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जांच में शासकीय मूंग के दुरुपयोग या किसी अन्य अनियमितता की पुष्टि होने पर संबंधितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई भी की जाएगी। फिलहाल वेयरहाउस को सील कर दिया गया है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


