मेघालय में एक कोयला खदान में हुए भीषण धमाके से हड़कंप मच गया। इस दर्दनाक हादसे में करीब 10 मजदूरों की मौत हो गई है। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक विस्फोट खदान के अंदर हुआ, जिससे वहां काम कर रहे मजदूरों को भारी जान-माल का नुकसान पहुंचा।धमाके के बाद खदान के अंदर अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों को आशंका है कि मृतकों में अधिकांश मजदूर असम के रहने वाले थे, जो रोज़गार के लिए मेघालय की इस खदान में काम कर रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और मेघालय पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत-बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।
घटनास्थल पर बचाव दल को तैनात कर दिया गया है और मलबे में फंसे अन्य मजदूरों की तलाश जारी है। पुलिस और प्रशासन की टीमें हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। धमाके के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है, हालांकि शुरुआती तौर पर इसे खदान के भीतर विस्फोट से जुड़ा मामला माना जा रहा है।
इस हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को हरसंभव मदद और मुआवजे का भरोसा दिलाया गया है। वहीं खदानों में सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।


