मुरैना। महुआ थाना क्षेत्र में हॉर्न बजाने के मामूली विवाद में युवक राकेश के साथ बेरहमी से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गंभीर रूप से घायल राकेश की हालत नाजुक बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, राकेश वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।पुलिस के अनुसार, घटना 1 नवंबर 2026 की है। फरियादी राकेश पुत्र सरमन लाल निषाद निवासी मिहलाल का पुरा ने महुआ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि हॉर्न बजाने के विवाद को लेकर शंकर सिंह उर्फ मनोज सिंह तोमर और छब्बे उर्फ छब्बीराम सिंह तोमर निवासी फूल सिंह का पुरा, रायपुर ने उसके साथ गाली-गलौज कर मारपीट की थी।शुरुआत में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था। विवेचना के दौरान राकेश की चोटें गंभीर प्रकृति की पाए जाने पर चिकित्सा अधिकारी की राय के आधार पर प्रकरण में हत्या के प्रयास की धारा 109 बीएनएस का इजाफा किया गया।पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। सोमवार 16 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों आरोपियों शंकर सिंह उर्फ मनोज सिंह तोमर और छब्बे उर्फ छब्बीराम सिंह तोमर को चक्रधारी मंदिर के पास नहर की पुलिया से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाठी भी जब्त की है।गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।गंभीर सवाल: हॉर्न बजाने जैसे मामूली विवाद में एक युवक की जिंदगी दांव पर लग गई। अब सभी की निगाहें घायल राकेश की हालत और मामले में आगे होने वाली कानूनी कार्रवाई पर टिकी हैं।


