छतरपुर। चंदला विधानसभा क्षेत्र में बुंदेलखंड की पारंपरिक लोक संस्कृति और विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भव्य मोनिया महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। चंदला स्टेडियम में आयोजित इस महोत्सव में 50 से अधिक टीमें पारंपरिक दिवारी (मोनिया) नृत्य की प्रस्तुति देकर अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।गुरुवार को प्रदेश के राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने आयोजन को लेकर जानकारी देते हुए कहा कि दिवारी नृत्य बुंदेलखंड की प्राचीन परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। चंदला क्षेत्र में इस परंपरा का विशेष प्रचलन है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय कलाकारों और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है और नई पीढ़ी अपनी संस्कृति से जुड़ती है।उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 51 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 31 हजार रुपये, तृतीय पुरस्कार 21 हजार रुपये और चतुर्थ पुरस्कार 11 हजार रुपये निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा प्रतियोगिता में शामिल प्रत्येक टीम को 2,100 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं, प्रत्येक खिलाड़ी को आयोजकों की ओर से विशेष उपहार देकर सम्मानित किया जाएगा।महोत्सव में 10 साल के बच्चों से लेकर युवाओं और वरिष्ठ प्रतिभागियों तक की भागीदारी देखने को मिल रही है। आयोजन को लेकर क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह है। प्रतियोगिता के निर्णायकों के फैसले के बाद विजेता टीमों की घोषणा कर पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि मोनिया महोत्सव जैसे आयोजनों से बुंदेलखंड की लोककला, परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करने के साथ कलाकारों को प्रोत्साहित करने का अवसर मिलता है।


