New Yorks Iconic Empire State Building Lit Orange on diwali 2020 | अमेरिका: दिवाली पर अद्भुत नजारा, नारंगी रंग की रोशनी से जगमगाई एम्पायर स्टेट बिल्डिंग

न्यूयॉर्क: रोशनी के त्योहार दिवाली (Diwali 2020) के मौके पर न्यूयार्क (New York) शहर की गगनचुंबी इमारत ‘एम्पायर स्टेट बिल्डिंग’ (Empire State Building) को नारंगी रोशनी से सजाया गया. न्यूयार्क, न्यूजर्सी और कनेक्टिकट के त्रि-राज्य क्षेत्र के फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशन (एफआईए) ने एम्पायर स्टेट बिल्डिंग के साथ भागीदारी करते हुए दिवाली के मद्देनजर प्रतिष्ठित मैनहट्टन भवन को शुक्रवार को नारंगी लाइट से रोशन किया.

‘एम्पायर स्टेट बिल्डिंग’ ने एक ट्वीट में कहा, ‘न्यूयार्क से हैप्पी दिवाली. हम आज रात सभी लाइटों को नारंगी कर प्रकाश के पर्व का जश्न मना रहे हैं.’

एफआईए ने कहा कि उसने ‘दिवाली सूप एंड किचन’ की पहल के तहत न्यूजर्सी, न्यूयार्क और कनेक्टिकट में दस हजार लोगों को भोजन परोसा जिसका उद्देश्य त्योहार से संबंधित भारतीय परंपरा, संस्कृति और रीति-रिवाजों से लोगों को अवगत कराना था.

ब्रिटेन के PM जॉनसन और प्रिंस चार्ल्स ने भी दी दिवाली की शुभकामनाएं 
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन और राजकुमार चार्ल्स ने शनिवार को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोग कोरोना वायरस महामारी से उसी प्रकार निजात पाएंगे जिस तरह अंधकार पर प्रकाश की विजय हुई थी.

जॉनसन ने अपने आधिकारिक निवास 10 डाउनिंग स्ट्रीट से जारी संदेश में दीपावली की शुभकामनाएं दीं.

उन्होंने कहा, “इस साल दिवाली का विशेष महत्व है क्योंकि जिस प्रकार भगवान राम रावण को पराजित कर अपनी पत्नी सीता को वापस घर लाए थे और बुराई पर अच्छाई की जीत हुई थी, उसी प्रकार मुझे विश्वास है कि हम कोविड-19 महामारी पर भी विजय पाएंगे.”

मास्क लगाने और सामाजिक दूरी का पालन करने का आग्रह
इसके साथ प्रधानमंत्री जॉनसन ने लोगों से हाथ धोने, मास्क लगाने और सामाजिक दूरी का पालन करने का भी आग्रह किया.

इस बीच राजकुमार चार्ल्स ने एक वीडियो जारी कर दीपावली का संदेश दिया.

उन्होंने कहा कि इस साल दिवाली उनके 72वें जन्मदिवस के दिन मनाई जा रही है.

LIVE TV

हिंदू, सिख और जैन समुदाय के लोगों की सराहना
चार्ल्स ने कहा, “प्रकाश का यह पर्व एक साथ आकर मिठाइयां बांटने और उपहार देने का अवसर है. दुख इस बात का है कि इस साल जन स्वास्थ्य संकट के कारण बहुत से लोग एक दूसरे से नहीं मिल सकते. मैं समझ सकता हूं कि यह कितना निराशाजनक है.”

उन्होंने कहा, “कठिनाई के इस समय में मुझे उम्मीद है कि आपको दिवाली के संदेश से ताकत मिलेगी. यह पर्व बुराई पर अच्छाई, निराशा पर आशा और अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है.”

राजकुमार चार्ल्स ने महामारी के इस दौर में लोगों की सेवा करने के लिए ब्रिटेन में रहने वाले हिंदू, सिख और जैन समुदाय के लोगों की सराहना की.

(इनपुट: भाषा)




Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here