उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां जमीन के नीचे दबाए गए तीन नीले ड्रमों से पांच करोड़ रुपये से अधिक की नकदी बरामद हुई है। खास बात यह है कि ड्रमों में 500-500 रुपये के नोटों की करीब एक हजार गड्डियां भरी हुई थीं।
मामला नवाबगंज थाना क्षेत्र के बरईपुर (रामनगर) गांव का है। बताया जा रहा है कि ये ड्रम राकेश यादव उर्फ महाकाल के घर की जमीन के नीचे गाड़े गए थे। राकेश पहले पुणे में एक सर्राफा कारोबारी के यहां काम करता था, लेकिन लॉकडाउन के दौरान गांव लौट आया।गांव लौटने के बाद उसकी आर्थिक स्थिति में तेजी से बदलाव आया। उसने करीब दस करोड़ रुपये की 22 बीघा जमीन खरीदी, लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से आलीशान मकान बनवाया।
इसके अलावा दो ट्रैक्टर, डीजे और पिकअप वाहन भी खरीदे। साथ ही सीमेंट और सरिया का कारोबार भी शुरू कर दिया।मामले का खुलासा उस वक्त हुआ, जब पड़ोसियों के साथ विवाद के बाद पुलिस में शिकायत की गई कि चोरी के रुपये जमीन में गाड़कर रखे गए हैं। पुलिस ने जांच और कार्रवाई के दौरान जमीन के नीचे दबे तीन नीले ड्रम बरामद किए, जिनमें नोटों का बड़ा जखीरा मिला।इस मामले में राकेश के दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। बरामद रकम के स्रोत और पूरे मामले की जांच जारी है।


