इस्लामाबाद: पाकिस्तान (Pakistan) अपनी हरकतों से बाज नहीं आता. अब इसके विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने एक नया शिगूफा छोड़ा है. कुरैशी ने बुधवार को भारत पर आरोप लगाया कि वह चीन के साथ सीमा विवाद (India-Chia conflict) से अपने विपक्ष का ध्यान हटाने की कोशिश कर रहा है. इसके लिए वह उनके देश पर हमला करने की साजिश रच रहा है.
बता दें कि कुरैशी का ये बयान तब आया है जब भारत ने एक दिन पहले ही पाकिस्तान से कहा था कि वह नई दिल्ली (New Delhi) स्थित अपने उच्चायोग से कर्मचारियों की संख्या में कटौती करे.
ये भी पढ़ें: अब RBI की निगरानी में आएंगे सभी को-ऑपरेटिव बैंक, कैबिनेट ने दी अध्यादेश को मंजूरी
कुरैशी ने ‘जियो पाकिस्तान’ चैनल से बातचीत करते हुए कहा, ‘भारत का रुख स्पष्ट है (सब देख सकते हैं) क्योंकि वह अपने विपक्षी दलों का ध्यान चीन के साथ अपने सीमा विवाद से हटाकर पाकिस्तान की ओर करना चाहता है.’
उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान के खिलाफ भारत ‘फॉल्स फ्लैग आपरेशन’ (ऐसी शत्रुतापूर्ण कार्रवाई जिसमें कार्रवाई करने वाले की पहचान अस्पष्ट हो) शुरू करने का बहाना ढूंढ रहा है.
हालांकि, कुरैशी ने ना तो इसका कोई ब्यौरा दिया और न ही कोई सबूत दिया.
उन्होंने चीन के साथ सीमा विवाद पर नरेंद्र मोदी सरकार की आलोचना करते हुए कहा, ‘भारत में विपक्ष सवाल उठा रहा है कि उनकी सरकार जवाब नहीं दे रही है.’ इतना ही नहीं कुरैशी ने भारत को उनके देश पर कोई भी हमला करने से परहेज करने की चेतावनी तक दे डाली है और कहा कि अगर वह “कोई दुस्साहस” करता है तो पाकिस्तान पूरी ताकत से जवाब देगा.
ये भी पढ़ें- भारत की PAK से दो टूक- 7 दिन में कम कीजिए हाई कमीशन में 50% स्टाफ
उन्होंने कहा कि भारत ने नई दिल्ली में पाकिस्तानी राजनयिकों के खिलाफ जासूसी के बेबुनियाद आरोप लगाए हैं. इसके साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भारत में पाकिस्तानी कर्मचारियों को परेशान किया गया और अधिकारियों द्वारा उनकी कारों का पीछा किया गया.
कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तान ने न केवल आरोपों की निंदा की, बल्कि उन्हें खारिज भी किया है.
उन्होंने कहा कि इस्लामाबाद में भारतीय मिशन के प्रभारी को मंगलवार को तलब किया गया था और उनसे कहा गया कि भारतीय कर्मचारियों से भी ऐसा ही व्यवहार किया जाएगा.