- लॉकडाउन पर केंद्र का निर्णय मान्य- नीतीश
- ‘7 दिनों में प्रवासियों को लाने की व्यवस्था करेंगे’
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान कहा कि लॉकडाउन पर केंद्र का जो निर्णय होगा वो मान्य है. लेकिन उन्होंने पीएम मोदी को एक सुझाव देते हुए कहा कि लॉकडाउन को इस महीने के अंत तक जारी रखा जाए, ताकि बाहर से आ रहे लोगों को संभालने में बिहार सरकार को सहूलियत हो.
पैसेंजर ट्रेन चलाना गलत फैसला
प्रधानमंत्री के साथ चर्चा के दौरान नीतीश कुमार ने कहा कि मौजूदा दौर में पैसेंजर ट्रेनों को खोलना एक गलत फैसला है. नीतीश कुमार ने कहा कि केंद्र प्रवासी मजदूरों को एक समयबद्ध तरीके से भेजे और इसके लिए एक सप्ताह निर्धारित करे.
मई अंत जारी रहे लॉकडाउन
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ लंबी बैठक की. इस बैठक में सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने अपनी राय रखी. इस दौरान नीतीश कुमार ने लॉकडाउन को 31 मई तक जारी रखने की सलाह दी.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने राज्य के अफसरों के साथ सोमवार को कोविड-19 महामारी के प्रभावी नियंत्रण, निगरानी, रोकथाम एवं लोगों को दी जा रही राहत के संबंध में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की.
कोरोना पर फुल कवरेज के लिए यहां क्लिक करें
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सात दिनों के अंदर अन्य राज्यों से बिहार आने के इच्छुक लोगों के वापस आने की पूरी व्यवस्था की जाए. उन्होंने अधिकारियों से इसके लिए रेलवे और अन्य राज्यों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने को कहा.
कोरोना कमांडोज़ का हौसला बढ़ाएं और उन्हें शुक्रिया कहें
साबुन और मास्क का वितरण
सीएम नीतीश ने कहा कि सभी ग्राम पंचायतों में कोरोना संक्रमण से लोगों की सुरक्षा के लिए सभी परिवारों को सरकार की तरफ से साबुन और चार मास्क दिया जाएगा.
ज्यादा से ज्यादा हो कोरोना टेस्ट
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अधिकारियों को यह निर्देश दिया है कि बाहर से आ रहे लोगों की रेंडम कोरोना जांच कराने की बजाय अब ज्यादा से ज्यादा संख्या में कोरोना टेस्ट कराने पर फोकस किया जाए. अधिकारियों को इसके लिए पूरी तैयारी करने का निर्देश दिया गया है. सरकार राज्य में कोरोना जांच की क्षमता बढ़ाने पर पूरा फोकस लगा रही है ताकि राज्य के अंदर कोरोना चेन को तोड़ा जा सके.