धार जिले के धामनोद में दूधी बायपास स्थित कुंदा फाटे के पास पुलिस जवान रामेश्वर गोयल घायल अवस्था में मिले। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल जवान को धामनोद अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है। रामेश्वर गोयल सशस्त्र बल की फर्स्ट बटालियन इंदौर में तैनात हैं।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार सवार लोगों द्वारा जवान को गोली मारने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही एसडीओपी अर्चना रावत, थाना प्रभारी संतोष यादव और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी विजय डावर भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। फिलहाल गोली मारने के कारणों और आरोपियों के संबंध में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।