जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में विजयादशमी से एक दिन पहले 74वें पंजाबी दशहरा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। गौरीघाट स्थित शासकीय आयुर्वेदिक कॉलेज मैदान में आयोजित कार्यक्रम में करीब 75 फीट के विशालकाय रावण और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान असत्य पर सत्य की जीत के साक्षी बनने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे।कार्यक्रम में प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पूर्व वित्त मंत्री तरुण भनोत और राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
इस दौरान मंत्री राकेश सिंह ने भगवान हनुमान की तरह भगवान राम के पात्र को अपने कंधों पर बैठाकर मैदान में भ्रमण किया, जो आकर्षण का केंद्र रहा।महोत्सव में सतरंगी आतिशबाजी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। साधु-संतों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु आयोजन में शामिल हुए। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पंजाबी दशहरे का आयोजन हर साल विजयादशमी की पूर्व संध्या पर परंपरागत रूप से किया जाता है।