शाजापुर में NH-52 पर सड़क हादसा, नहर में गिरा बेकाबू कंटेनर, चालक घायल

शाजापुर नेशनल हाईवे 52 पर शुक्रवार शाम बिजना जोड़ और टूकराना जोड़ के बीच स्थित एचपी पेट्रोल पंप के समीप एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। सड़क किनारे बनी नहर की पक्की दीवार को तोड़ता हुआ सीधे नहर में जा गिरा। हादसा इतना जबरदस्त था कि कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में कंटेनर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को तत्काल नहर से बाहर निकाला गया और 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल शाजापुर भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कंटेनर शाजापुर की तरफ से आ रहा था। एचपी पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। कंटेनर पहले सड़क किनारे बनी नहर की दीवार से टकराया और दीवार तोड़ते हुए करीब 10 फीट गहरी नहर में जा गिरा। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। प्रधान आरक्षक अमित जाट ने टीम के साथ मोर्चा संभाला।नहर में कंटेनर गिरने के बाद कुछ देर के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पेट्रोल पंप और आसपास के ढाबों पर मौजूद लोग भी मौके पर पहुंच गए। हालांकि पुलिस की तत्परता से स्थिति जल्द नियंत्रण में आ गई।फिलहाल क्रेन की मदद से कंटेनर को नहर से बाहर निकालने का काम जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here