Sarguja News: दादी ने तंबाकू सेवन से मना किया तो 9 साल की बच्ची ने फांसी लगाकर दी जान

तंबाकू-गुटखा खाने से मना करने पर 9 साल की बच्ची ने खुदकुशी कर ली. (सांकेतिक फोटो)

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में प्रशासन के तंबाकू मुक्ति अभियान के बीच तंबाकू-गुटखा खाने वाली 9 साल की बच्ची की आत्महत्या की चौंकाने वाली घटना. दादी के मना करने पर बच्ची ने उठाया आत्मघाती कदम.

सरगुजा. छत्तीसगढ़ में विभिन्न जिलों में तंबाकू मुक्ति का अभियान चलाया जा रहा है. इस बीच सरगुजा जिले से एक चौंकाने वाली खबर आई है. प्रशासन के अभियान से बेखबर 9 साल की एक बच्ची ने तंबाकू-गुटखा खाने से मना करने पर फांसी लगाकर जान दे दी. बच्ची इस बात से आहत थी कि उसकी दादी ने उसे तंबाकू या गुटखा खाने से मना किया था. दादी की यह सलाह बच्ची को नागवार गुजरी और उसने घर के पीछे ही बांस के म्यार में दुपट्टे को फंदा बनाकर अपनी जान दे दी. एक बच्ची के आत्मघाती कदम उठाने से उसके परिजन सदमे में हैं, वहीं पुलिस और स्थानीय लोग हैरान हैं.

सरगुजा को एक अप्रैल से तंबाकू मुक्त जिला बनाने का इन दिनों अभियान चल रहा है. कलेक्टर और स्वास्थ्य विभाग लगातार जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले खतरों के बारे में आगाह कर रहे हैं, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में इस अभियान का असर नहीं दिख रहा. संभवतः इसी वजह से सरगुजा के सीतापुर थाना क्षेत्र के भिठुआ गांव में 9 साल की एक बच्ची को दादी की सलाह नागवार गुजरी.

सीतापुर थाने के प्रभारी रूपेश नारंग ने बताया कि भिठुआ ग्राम पंचायत में 9 साल की बच्ची ने घर के पीछे के हिस्से में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. मामले की जानकारी के बाद जब पुलिस पहुंची तो घटना की वजह जानकर हैरान रह गई. पुलिस ने तत्काल बालिका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा. बाद में उसकी दादी को बुलाया गया, जिसने थाने में बयान दिया कि उसकी 9 साल की नातिन तंबाकू, गुटखा आदि का सेवन करती थी. बीते दिनों दादी ने अपनी नातिन को तंबाकू-गुटखा न खाने की सलाह दी थी. इससे आहत होकर उसने फांसी लगा ली.

बच्ची की दादी के बयान के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. सीतापुर थाना प्रभारी रूपेश नारंग ने बताया कि बालिका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है.







Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here