भोपाल। भारतीय जनता पार्टी (BJP) मध्य प्रदेश में बची हुई 94 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान जल्द ही करने वाली है। भाजपा के लिए यह सूची सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है क्योंकि इन सीटों पर पार्टी की स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) और भाजपा संगठन के सर्वे में नकारात्मक रिपोर्ट आई है। यही कारण है कि इन सीटों में से कई वर्तमान विधायकों के टिकट कटने के पूरे आसार हैं। जो विधायक 10 हजार से कम अंतर से जीते हैं, उन पर ज्यादा खतरा मंडरा रहा है। इसमें प्रमुख नाम विदिशा जिले की शमशाबाद (Shamshabad) विधानसभा सीट से विधायक राजश्री रुद्रप्रताप सिंह (MLA Rajshree Rudrapratap Singh) का नाम सबसे ऊपर है। कहीं टिकट न कट जाए, इसलिए वे लगातार भोपाल के चक्कर काट रही हैं। गुरुवार को भी वे प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचीं, जहां वे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलने की फिराक में थीं, लेकिन सीएम ने समय नहीं दिया। संगठन के बड़े नेताओं ने भी उनसे दूरी बनाई। भाजपा के हाईटेक प्रचार रथों को रवाना करने को लेकर हुए कार्यक्रम में भी उन्हें मंच नहीं दिया गया। भाजपा नेता दबी जुबान से बता रहे हैं कि विधायक राजश्री सिंह (MLA Rajshree Rudrapratap Singh) का टिकट कटना तय माना जा रहा है। भाजपा सूत्रों का कहना है कि आरएसएस और भाजपा संगठन द्वारा कराए गए सर्वे में राजश्री सिंह की नकारात्मक रिपोर्ट सामने आई है।
कुछ दिनों पहले ही विधायक राजश्री सिंह के पति रुद्रप्रताप सिंह का ‘अवैध वसूली’ करने का वीडियो वायरल हुआ था। उन पर कथित तौर पर अवैध खनन के बदले रिश्वत मांगने के आरोप लगे थे। हालांकि रुद्रप्रताप सिंह ने आरोपों को नकार दिया था। आरएसएस ने इस मामले को गंभीरता से लिया था।
वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में वे कांग्रेस प्रत्याशी ज्योत्सना यादव से महज 7,340 मतों से ही जीत पाई थीं। जबकि 1998 में उनके पति AJBP पार्टी से चुनाव लड़े थे और सिर्फ 544 मतों के कम अंतर से विजयी हुए थे।
भाजपा इस बार पूर्व वित्त मंत्री राघव जी पर दांव लगाना चाहती है। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने इस साल जून में राघवजी के खिलाफ 2013 में दर्ज उस एफआईआर को निरस्त कर दिया था, जिसमें उन पर उनके पूर्व पुरुष घरेलू सहायक के साथ अप्राकृतिक कृत्य में लिप्त होने का आरोप लगाया गया था। इसके बाद सीएम शिवराज 6 अगस्त को राघव जी के घर जाकर मिले थे। उसके बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि पार्टी राघव जी की बेटी ज्योति शाह को टिकट दे सकती है।
फोटो : विधायक राजश्री सिंह को गुरुवार को भाजपा कार्यालय में हुए आयोजन में मंच पर जगह नहीं मिली।


