शिवपुरी में 70वीं राज्य स्तरीय क्रिकेट और नेटबॉल प्रतियोगिता में लीग मुकाबले पूरे होने के बाद सेमीफाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। क्रिकेट में ग्वालियर का मुकाबला इंदौर और भोपाल का नर्मदापुरम से होगा। वहीं नेटबॉल के बालक और बालिका दोनों वर्गों में मेजबान ग्वालियर की टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई है। प्रतियोगिता के मुकाबले 23 अक्टूबर से सांदीपनि स्कूल और श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर में खेले जा रहे हैं।
बालिका क्रिकेट का पहला सेमीफाइनल मंगलवार सुबह 8:30 बजे मैदान क्रमांक-1 पर ग्वालियर और इंदौर के बीच होगा। दूसरे सेमीफाइनल में मैदान क्रमांक-2 पर भोपाल और नर्मदापुरम की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों सेमीफाइनल की विजेता टीमों के बीच दोपहर 1 बजे मैदान क्रमांक-1 पर फाइनल खेला जाएगा।नेटबॉल के बालक वर्ग में पहला सेमीफाइनल इंदौर और रीवा के बीच होगा, जबकि दूसरे में ग्वालियर का मुकाबला भोपाल से होगा। बालिका वर्ग में ग्वालियर और इंदौर तथा भोपाल और रीवा के बीच सेमीफाइनल खेले जाएंगे।
क्रिकेट में ग्वालियर-भोपाल ने जीते मुकाबले -सोमवार को क्रिकेट के अंतिम लीग मुकाबलों में ग्वालियर और भोपाल ने जीत दर्ज की। इंदौर ने उज्जैन के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 83 रन बनाए। जवाब में उज्जैन की टीम 48 रन ही बना सकी। दूसरे मैच में ग्वालियर ने 90 रन बनाए। लावाण्या ने सर्वाधिक 29 रन बनाए। जवाब में जनजातीय कार्य विभाग की टीम 80 रन ही बना सकी।एक अन्य मुकाबले में भोपाल ने जबलपुर के 64 रन के लक्ष्य को आर्या के नाबाद 43 रनों की मदद से हासिल कर लिया। वहीं जबलपुर के 132 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रीवा की टीम 68 रन ही बना सकी।
नेटबॉल में ग्वालियर का दबदबा -अंतिम लीग मुकाबलों में ग्वालियर ने बालक वर्ग में रीवा को 14-2 और बालिका वर्ग में 20-7 से हराया। बालक वर्ग में भोपाल ने जबलपुर को 29-9 और जनजातीय कार्य विभाग को 24-6 से शिकस्त दी। बालिका वर्ग में इंदौर ने जबलपुर को 13-9 और भोपाल ने उज्जैन को 22-3 से हराया।सोमवार शाम जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव के निर्देशन में जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे ने सेमीफाइनल और फाइनल की तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान नेशनल रेफरी यादवेन्द्र सिंह चौधरी सहित आयोजन समितियों के सदस्य मौजूद रहे।


