शिवपुरी। राजस्थान के कोटा में इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा JEE की तैयारी कर रहे शिवपुरी के 18 वर्षीय अजीत धाकड़ की मौत से परिवार में मातम छा गया। रविवार रात जवाहर नगर थाना क्षेत्र की एक पीजी में उसका शव कमरे के अंदर फंदे पर लटका मिला। अजीत करीब छह महीने पहले ही कोटा गया था। पिता को खोने के बाद बड़े भाई ने उसकी पढ़ाई और परिवार की जिम्मेदारी संभाली थी। छोटे भाई की मौत की खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। फिलहाल पुलिस को आत्महत्या की वजह पता नहीं चल सकी है।अजीत धाकड़ पुत्र स्वर्गीय अशोक धाकड़, शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के रातीकिरार गांव का निवासी था। उसने शिवपुरी में रहकर 12वीं तक पढ़ाई की थी। इसके बाद वह इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए कोटा चला गया और जवाहर नगर इलाके में स्थित एक पीजी में रहने लगा था।
टेस्ट के बाद पीजी लौटा था अजीत -परिजनों के अनुसार, रविवार सुबह अजीत से फोन पर बातचीत हुई थी। उस दिन दोपहर 3 बजे उसका टेस्ट था। टेस्ट देने के बाद वह कोचिंग से पीजी लौट आया, लेकिन इसके बाद उससे संपर्क नहीं हो सका।रात करीब 10 बजे पीजी में रहने वाले छात्र खाना खाने के बाद टहलने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान सामने वाले कमरे में रहने वाले छात्र ने अजीत को आवाज दी। कमरा अंदर से बंद होने और बार-बार दरवाजा खटखटाने पर भी नहीं खुलने के बाद साथियों ने पीजी संचालक को बुलाया। संचालक ने खिड़की से अंदर देखा तो अजीत फंदे पर लटका हुआ था।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अजीत को अस्पताल ले जाया गया। घटना की जानकारी परिजनों को दी गई। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव शिवपुरी लाने की प्रक्रिया की गई।
पिता की मौत के बाद बड़े भाई ने संभाली थी जिम्मेदारी -अजीत के पिता अशोक धाकड़ का करीब चार साल पहले निधन हो गया था। इसके बाद बड़े भाई दिव्यांश ने घर की जिम्मेदारी संभालते हुए छोटे भाई की पढ़ाई जारी रखवाई। अजीत बड़े भाई का बेहद लाड़ला था।ग्रामीणों के मुताबिक, अजीत पढ़ाई पर ध्यान देता था और कम बातचीत करता था। उसकी मौत से परिवार के साथ गांव में भी शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।


