छतरपुर। जिले के गुलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बधोर में दाल खाने के बाद एक ही परिवार के छह लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सभी को उल्टी-दस्त की शिकायत होने पर पहले बड़ामलहरा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत को देखते हुए रविवार दोपहर करीब 1 बजे जिला अस्पताल छतरपुर रेफर किया गया।परिजनों के अनुसार, शुक्रवार शाम परिवार के सभी सदस्यों ने भोजन में दाल खाई थी। इसके बाद रात करीब 3 बजे से एक-एक कर सभी की तबीयत खराब होने लगी। लगातार उल्टी और दस्त की शिकायत के चलते उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
बीमार लोगों में देशपाल सिंह (35), उमा राजा (40), हीरा राजा (32), अनन्या राजा (12), भोलू राजा (10) और राज राजा (12) शामिल हैं। सभी निवासी ग्राम बधोर, थाना गुलगंज के बताए गए हैं।जिला अस्पताल में पदस्थ डॉ. रोशन द्विवेदी ने बताया कि बड़ामलहरा से कुल छह मरीज अस्पताल लाए गए हैं, जिनमें तीन बच्चे और तीन वयस्क शामिल हैं। सभी मरीजों को उल्टी और दस्त की शिकायत है।
डॉ. द्विवेदी के अनुसार, मरीजों द्वारा रात का भोजन करने के बाद लक्षण शुरू होने की जानकारी दी गई है। प्रारंभिक जांच में यह मामला फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है, हालांकि अत्यधिक गर्मी भी इसकी एक वजह हो सकती है। फिलहाल सभी मरीजों के वाइटल्स स्थिर हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया है।उन्होंने बताया कि मरीजों की बेहतर निगरानी और उपचार के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों को भी बुलाया गया है। अस्पताल प्रबंधन मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।