गुना , नवदुर्गा महोत्सव के दौरान माता के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच सुरक्षा और सुगम दर्शन सुनिश्चित करने के लिए गुना पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है, प्रसिद्ध बीसभुजा माता मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, पार्किंग व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर पुलिस प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। खुद पुलिस अधीक्षक हितिका वासल मंदिर पहुंचीं और व्यवस्थाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। लेकिन इस निरीक्षण के दौरान एक ऐसी तस्वीर भी सामने आई, जिसने पुलिस और समाज के बीच भरोसे की नई मिसाल पेश की।
एसपी हितिका वासल ने अपराध का रास्ता छोड़कर मेहनत और ईमानदारी से रोजगार अपनाने वाले पारदी युवक राजा पारदी की दुकान पर पहुंचकर उससे फूलों के गुलदस्ते खरीदे और उसका उत्साह बढ़ाया। यह पहल पुलिस के ‘नई दिशा अभियान’ का संदेश देती नजर आई कि सही रास्ता अपनाने वालों को प्रोत्साहन और सम्मान भी मिलेगा।दरअसल, नवदुर्गा महोत्सव को देखते हुए गुना पुलिस ने जिले के प्रमुख माता मंदिरों, झांकी स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और पूरा आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो, इसके लिए पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार निगरानी की जा रही है।
इसी व्यवस्था का जायजा लेने पुलिस अधीक्षक हितिका वासल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन, सीएसपी सेफा हाशमी के साथ प्रसिद्ध बीस भुजा माता मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। श्रद्धालुओं की आवाजाही, पार्किंग स्थलों, यातायात प्रबंधन और दुकानों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा होनी चाहिए। भीड़ प्रबंधन में किसी तरह की लापरवाही नहीं हो और जरूरत के अनुसार तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए पार्किंग और रास्तों को व्यवस्थित रखना भी पुलिस प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण चुनौती है।
इसे लेकर पुलिस अधीक्षक ने पार्किंग संचालकों और दुकानदारों से बातचीत की। उन्होंने स्पष्ट रूप से समझाइश दी कि रास्तों पर अनावश्यक भीड़ जमा न होने दें और दुकानों के कारण श्रद्धालुओं की आवाजाही बाधित नहीं होनी चाहिए। साथ ही निर्धारित पार्किंग व्यवस्था का पालन करने और यातायात सुचारु बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। गुना पुलिस ने श्रद्धालुओं से भी आग्रह किया है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें, यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षा संबंधी निर्देशों को गंभीरता से लें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असुविधा की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।”पुलिस का उद्देश्य साफ है—माता के दरबार में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित वातावरण मिले, दर्शन सुगम हों और नवदुर्गा महोत्सव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो।”
गुना पुलिस द्वारा पारदी समुदाय के लोगों को अपराध से दूर कर समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से ‘नई दिशा अभियान’ चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से समुदाय के लोगों को शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर सम्मानजनक जीवन जी सकें।बीसभुजा माता मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र के भ्रमण के दौरान एसपी हितिका वासल की नजर मुरादपुर निवासी राजा पारदी की फूलों के गुलदस्ते की दुकान पर पड़ी। राजा अपनी पत्नी के साथ दुकान लगाकर गुलदस्ते बेच रहा था और मेहनत से आजीविका अर्जित करने का प्रयास कर रहा था। एसपी खुद दुकान पर पहुंचीं और उन्होंने राजा पारदी से फूलों के गुलदस्ते खरीदे।
इसके बदले निर्धारित कीमत भी चुकाई। इस छोटी-सी पहल के जरिए उन्होंने राजा के प्रयासों को प्रोत्साहित किया और मेहनत तथा ईमानदारी से रोजगार करने का संदेश दिया।‘नई दिशा अभियान’ का मकसद भी यही है कि पारदी समुदाय के लोग रोजगार से जुड़ें, अपनी मेहनत से परिवार का भरण-पोषण करें और समाज में सम्मान के साथ जीवन व्यतीत करें।गुना पुलिस की यह पहल सामुदायिक पुलिसिंग और जनविश्वास मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। एक ओर पुलिस नवदुर्गा महोत्सव में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था संभाल रही है, तो दूसरी ओर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने का प्रयास करने वाले लोगों का हौसला भी बढ़ा रही है।


