छत्तीसगढ़ के तरेम थाना इलाके में शनिवार को सुरक्षाबलों के साथ हुई थी नक्सलियों की मुठभेड़.
Sukma Naxal Encounter: छत्तीसगढ़ के तरेम थाना इलाके में शनिवार को हुई थी सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़. टेकुलगुड़ा और अन्य गांवों तक सबसे पहले पहुंची न्यूज 18 की टीम ने मुठभेड़ में 20 से ज्यादा जवानों के शहीद होने का किया खुलासा.
ग्राउंड जीरो पर सबसे पहले पहुंची NEWS18 की टीम ने जो दृश्य देखे, वह न सिर्फ वीभत्स हैं, बल्कि नक्सलियों के खौफनाक मंसूबों को भी बयां करते हैं. न्यूज 18 की टीम ने देखा कि टेकुलगुड़ा गांव में खुले आसमान के नीचे जवानों के शव पड़े थे. गांव में कहीं किसी मैदान में, तो कहीं किसी घर के पास ये शव बुरी हालत में पड़े थे. शवों के पैर से जूते निकले थे और नक्सली कपड़े भी निकाल ले गए थे. सीआरपीएफ और डीआरजी के जवानों के इन शवों के बारे में सुरक्षाबल को घटना के 24 घंटे बाद भी जानकारी नहीं मिल पाई थी. न्यूज 18 की टीम के पहुंचने के बाद सुरक्षाबलों का दस्ता गांव में पहुंचा, तब इन शवों को ले जाने की कार्रवाई शुरू हो सकी.
गांव में खौफनाक मंजरटेकुलगुड़ा गांव और आसपास के इलाकों में नक्सली मुठभेड़ के बाद सन्नाटा पसरा हुआ है. गांव में नक्सलियों की करतूत के खौफनाक मंजर इसकी गवाही दे रहे हैं. आपको बता दें कि तरेम थानाक्षेत्र इलाके में शनिवार को नक्सली और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई थी. नक्सली बटालियन और कमांडर हिड़मा की तलाश में ज्वाइंट ऑपरेशन चला रहे सुरक्षाबल के जवान इसी इलाके में कल नक्सलियों के बिछाए एम्बुश में फंस गए थे. नक्सलियों ने अचानक जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी थी. जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने भी फायरिंग की. बस्तर रेंज के आईजी पी. सुंदरराज ने सुरक्षाबलों की कार्रवाई में 9 नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की थी.


