अंधविश्वास, दूषित पानी और बदहाली ने ली 3 मासूमों की जान, बालाघाट के वनांचल में मातम..

बालाघाटविकास के बड़े-बड़े दावों और आधुनिकता के शोर के बीच बालाघाट जिले का दूरस्थ आदिवासी अंचल आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहा है… जिले की ग्राम पंचायत अडोरी के बोदारी गांव के टोला कोहनीमोर और कोंडेकसा में पिछले 15 दिनों के भीतर तीन मासूमों (5 वर्षीय बच्ची, 3 वर्षीय बच्ची और 15 वर्षीय किशोर) की अकाल मौत हो गई.. इन मौतों ने एक बार फिर प्रशासनिक दावों की पोल खोलकर रख दी है…ग्रामीणों के अनुसार, बीमारी की मुख्य वजह गांव में पेयजल की बदहाल स्थिति है.. जिस हैंडपंप से पूरा गांव पानी पीता है, उसके आसपास जलजमाव और गंदगी का अंबार है… पानी निकासी का कोई मुकम्मल इंतजाम न होने से हैंडपंप का पानी दूषित हो चुका है..इसके अलावा, क्षेत्र में आवागमन की स्थिति बेहद दयनीय है…कोहनीमोर टोले तक पहुंचने के लिए आज भी पक्की सड़क नहीं है..

कीचड़ भरे कच्चे रास्तों पर एंबुलेंस का पहुंचना असंभव है, जिससे किसी भी मरीज या गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाना जीवन और मृत्यु के बीच का संघर्ष बन जाता है…अंधविश्वास और झोलाछाप डॉक्टरों का जालस्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव और जागरूकता की कमी के कारण ग्रामीण अंधविश्वास के साए में जीने को मजबूर हैं…ग्रामीण संतराम मरकाम ने बताया, “हम टाइफाइड को ‘माता’ मानते हैं…

हमारा मानना है कि इंजेक्शन लगाने से माता नाराज हो जाती हैं और मरीज की मौत हो जाती है, इसलिए हम झाड़-फूंक ही करवाते हैं..पीड़ित पिता समारू सिंह धुर्वे का दर्द छलका उन्होंने कहा कि हमारे टोले में न तो कभी डॉक्टर आते हैं और न ही सरपंच-सचिव.. ऐसे में हम इलाज कराने कहां जाएं…डॉक्टरों की अनुपस्थिति और झोलाछाप डॉक्टरों के गलत इलाज के डर से आदिवासी सरकारी अस्पतालों में जाने से कतराते हैं…तीन चिराग बुझने के बाद अब प्रशासनिक अमला हरकत में आया है… स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में डेरा डालकर ग्रामीणों की जांच शुरू कर दी है…

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने खुद गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और लोगों को समझाया कि बीमारी की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय अस्पताल आकर सही इलाज कराएं…हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन हर बार हादसों के बाद ही जागता है… जब तक पक्की सड़कें, साफ पानी और नियमित स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिलेंगी, तब तक वनांचल में जिंदगियां यूं ही सिसकती रहेंगी…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here