शाजापुर जिले के मोहन बड़ोदिया के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत खामखेड़ा पंथ में पंचायत भवन से लेकर दीप ज्योति प्राइवेट स्कूल और तालाब की ओर जाने वाली सीसी रोड की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है। सड़क पूरी तरह खराब होने के कारण पूरे रास्ते में कीचड़ फैल गया है, जिससे रोजाना स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों और स्थानीय रहवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है कीचड़ भरे रास्ते से निकलने को मजबूर बच्चों ने मुख्यमंत्री और जिला कलेक्टर से सड़क निर्माण कराने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या के समाधान के लिए ग्राम पंचायत और क्षेत्रीय विधायक को लिखित आवेदन भी दिया गया, लेकिन अब तक कोई सुनवाई या निराकरण नहीं हो सका है मामले को लेकर ग्राम पंचायत सरपंच प्रतिनिधि ओमप्रकाश परमार ने बताया की यह रास्ता तालाब और दीप ज्योति स्कूल की ओर जाता है।
लगभग 4-5 साल पहले पूर्व सरपंच अनीता बाई सूरज सिंह के कार्यकाल में सांसद निधि से इस पर सीसी रोड का निर्माण कराया गया था। सड़क क्यों टूटी और क्या कमियां रहीं, यह पूर्व सरपंच या संबंधित सब-इंजीनियर की जवाबदेही है। किसी निर्माण कार्य की एक निश्चित समय-सीमा होती है, उससे पहले पुनः नई सड़क निर्माण के लिए कोई राशि आवंटित नहीं होती अगर रास्ते पर मुरम डाली जाती है तो आसपास के घरों का पानी रुकने से नई समस्या पैदा हो सकती है। अधिकारी आकर स्थिति का निरीक्षण करें और जो दिशा-निर्देश देंगे या राशि उपलब्ध कराएंगे, उसके अनुसार ग्राम पंचायत काम कराने के लिए तैयार है