छतरपुर। छतरपुर पुलिस ने ओरछा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम धमोरा में 9 सितंबर को हुई चोरी का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषणों के साथ वारदात में इस्तेमाल वाहन भी जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक कुल 24 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।दरअसल, 9 सितंबर को ग्राम धमोरा निवासी विजय सिंह यादव के घर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए थे। पीड़ित ने करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की और निजी घरों सहित अन्य स्थानों पर लगे CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान चरण अहिरवार निवासी अलीपुरा थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चार सोने की चूड़ियां, बड़ा हार, छोटा हार, अंगूठियां सहित चोरी का सामान बरामद किया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल वाहन भी जब्त किया गया है।पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ झांसी, निवाड़ी, महोबा सहित अन्य जिलों में चोरी और हत्या के प्रयास के मामले भी दर्ज हैं।


