लहर चुंगी पर यातायात पुलिस का जागरूकता कार्यक्रम,एसपी ने वाहन चालकों को बांटे निशुल्क हेलमेट

भिण्ड। शहर के लहर चुंगी पर शनिवार को यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा ने दोपहिया वाहन चालकों को रोककर निशुल्क हेलमेट वितरित किए और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी। हेलमेट वितरण का कार्यक्रम भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की मुख्य शाखा के तत्वावधान में आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को सड़क पर सावधानी बरतने और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।

त्योहारों के दौरान बढ़ती है सड़क हादसों की आशंका

पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा ने कहा कि पुलिस द्वारा लगातार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाती है, ताकि लोग नियमों का पालन करें। इसके बावजूद कई वाहन चालक लापरवाही बरतते हैं और यातायात नियमों की अनदेखी करते हैं। ऐसे में लोगों को जागरूक करने के लिए समय-समय पर विशेष अभियान चलाना आवश्यक हो जाता है।

उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि वाहन चालकों को सुरक्षित रखना और सड़क दुर्घटनाओं से बचाना भी है। लोगों को यह समझना चाहिए कि हेलमेट पहनना केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि उनकी जिंदगी की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।*बाजारों में बढ़ेगी भीड़, सावधानी बरतने की अपील*एसपी ने कहा कि वर्तमान में त्योहारों का समय है। ऐसे में शहर के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने के लिए बाजारों में पहुंचते हैं। इस दौरान सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है और जल्दबाजी में वाहन चलाने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है।

उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे तेज गति से वाहन न चलाएं, दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और यातायात के सभी नियमों का पालन करें। थोड़ी सी लापरवाही वाहन चालक और उसके परिवार के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन सकती है। इसलिए सड़क पर निकलते समय अपनी और दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखना जरूरी है।*पुलिस और एसबीआई की संयुक्त पहल*लहर चुंगी पर आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को निशुल्क हेलमेट वितरित कर यातायात सुरक्षा का संदेश दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों को बताया कि हेलमेट सड़क दुर्घटना के दौरान सिर में लगने वाली गंभीर चोटों के जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर ही दोपहिया वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में सीएसपी निरंजन राजपूत, एसडीओपी रविंद्र वास्कले, यातायात प्रभारी राघवेंद्र भार्गव, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अनीता गुर्जर, देहात थाना प्रभारी शिव प्रताप सिंह राजावत सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

नियम तोड़ने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को नियमों के प्रति जिम्मेदार बनाने का प्रयास भी किया जाएगा।पुलिस का संदेश है कि सुरक्षित यात्रा के लिए वाहन की गति नियंत्रित रखें, हेलमेट का नियमित उपयोग करें और सड़क पर अनुशासन बनाए रखें। त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए वाहन चालक विशेष सतर्कता बरतें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और लोग सुरक्षित अपने घरों तक पहुंच सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here