दतिया में तुलसी सिलावट का बड़ा दावा कहा, BJP इतनी बड़ी जीत दर्ज करे कि कांग्रेस की जमानत जब्त हो जाए

मध्य प्रदेश के दतिया में विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा का प्रचार अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट दतिया पहुंचे और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की।तुलसीराम सिलावट ने कहा कि यह चुनाव केवल भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी का चुनाव नहीं है बल्कि यह चुनाव विकास विश्वास और दतिया के भविष्य का चुनाव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और 2047 के भारत की मजबूत नींव रखने का काम भारतीय जनता पार्टी कर रही है।

उन्होंने कहा कि यह चुनाव भारतीय जनता पार्टी के मान-सम्मान और कार्यकर्ताओं के सम्मान का चुनाव है। उन्होंने खुद को दतिया की जनता का छोटा भाई और बेटा बताते हुए कहा कि वह इंदौर से दतिया आए हैं और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के साथ मिलकर दतिया के विकास के लिए काम करेंगे।पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के कार्यकाल का जिक्र करते हुए तुलसी सिलावट ने कहा कि दतिया में उनके द्वारा विकास के अनेक कार्य किए गए हैं और कोई भी काम अधूरा नहीं छोड़ा गया।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा सरकार आगे भी दतिया के विकास को गति देगी।तुलसी सिलावट ने जनता से अपील करते हुए कहा कि 30 जुलाई को कमल के फूल का बटन दबाकर भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि दतिया की जनता 30 जुलाई को नया इतिहास और नया कीर्तिमान बनाए।वहीं अपने संबोधन के दौरान तुलसीराम सिलावट ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि भाजपा इतनी बड़ी जीत दर्ज करे कि कांग्रेस की जमानत तक जब्त हो जाए। दतिया की जनता 30 जुलाई को किसके पक्ष में अपना फैसला सुनाती है यह 3 अगस्त को मतगणना के बाद साफ होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here