वॉशिंगटन: इलेक्ट्रिक वाहन बनाने वाली कंपनी टेस्ला (Tesla) के संस्थापक एलन मस्क (Elon Musk) के एक ट्वीट से कंपनी को भारी नुकसान उठाना पड़ा है. कंपनी के शेयरों में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई है. कंपनी को 14 अरब डॉलर का नुकसान उठाना पड़ा है. दरअसल, मस्क ने शुक्रवार अपने ट्वीट में टेस्ला के शेयरों की कीमत पर टिप्पणी की थी. उनकी यह टिप्पणी उन्हीं पर भारी पड़ी.
एलन मस्क ने कहा था कि ‘मेरे हिसाब से टेस्ला के स्टॉक प्राइज कुछ ज्यादा हैं’. इसके तुरंत बाद कंपनी के शेयरों में गिरावट होने लगी, जो 14 अरब डॉलर के नुकसान पर जाकर बंद हुई. शुक्रवार को एलन मस्क के ट्वीट के बाद टेस्ला शेयर की कीमतों में 10.3 प्रतिशत गिरावट दर्ज की गई. हालांकि, बाद में कुछ सुधार के साथ यह $701.32 पर जाकर बंद हुआ.
गौरतलब है कि यह गिरावट ऐसे समय आई है, जब शेयर बाजार में कंपनी काफी अच्छा प्रदर्शन कर रही थी. इस साल उत्पादन में वृद्धि और इलेक्ट्रिक कारों की तैयारी को लेकर विश्लेषकों से मिली सराहना के चलते उसके शेयरों में 85 फीसदी की उछाल देखने को मिली थी. हालांकि, मस्क के ट्वीट ने एक ही झटके में कंपनी को काफी नीचे पहुंचा दिया है.
वैसे, यह कोई पहली बार नहीं है जब एलन मस्क के ट्वीट से कंपनी की मुश्किलें बढ़ी हैं. पहले भी कई दफा वह विवादित ट्वीट कर चुके हैं. कुछ वर्ष पहले एक ट्वीट के संबंध में अमेरिकी प्रतिभूति और विनियम आयोग ने मस्क पर 20 मिलियन डॉलर का जुर्माना लगाया था. इसके अलावा, उनके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला भी दर्ज हुआ था.
अगस्त 2018 में टेस्ला प्रमुख ने अपने ट्वीट में कहा था कि टेस्ला जल्द ही एक निजी कंपनी बनने जा रही है. उनके इस ट्वीट के बाद कंपनी के शेयरों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी. इसके बाद मस्क ने अप्रैल 2019 में यूएस सिक्योरिटी एंड एक्सचेंज कमीशन (SEC) के साथ एक समझौता किया, जिसमें उनसे ट्विटर से दूर रहने के लिए कहा गया था. खासतौर पर उन्हें अधिग्रहण, विलय, नए उत्पादों के बारे में कोई ट्वीट न करने की हिदायत दी गई थी. लेकिन लगता नहीं है कि मस्क पर उस हिदायत का कोई खास असर हुआ है.

