वॉशिंगटन: अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान जारी है. हर बार की तरह इस बार भी बैलट पेपर पर पहला वोट न्यू हैंपशायर राज्य के डिक्सविले नॉच (Dixville Notch) और मिल्सफील्ड (Millsfield) में पड़ा. हैंपशायर (New Hampshire) में राष्ट्रपति चुनाव के साथ ही गवर्नर पद के लिए भी मतदान हो रहा है. साथ ही यहां फेडरल और स्टेट लेजिस्लेटिव सीट के लिए भी मतदान हो रहा है.
साल 1960 से जारी है परंपरा
न्यू हैंपशायर के डिक्सविले नॉच और मिल्सफिल्ड में एक मतदाता ने पहला वोट डाला है. डिक्सविले नॉच में मात्र पांच मतदाता हैं. इनमें से एक मतदाता ने सबसे पहले अपने मताधिकार का प्रयोग किया. डिक्सविले नॉच में साल 1960 से पहली वोटिंग की परंपरा रही है.
पार्टी के कट्टर समर्थक भी ट्रंप से नाराज
डिक्सविले नॉच में पहली वोट डालने वाले लेस ओट्टेन ने कहा कि वो हमेशा से रिपब्लिकन पार्टी के समर्थक रहे हैं, लेकिन इस बार उन्होंने डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जो बाइडेन (Democratic presidential nominee Joe Biden) के लिए वोट डाला है. ओट्टेन ने एक वीडियो मैसेज में बताया कि उन्होंने क्यों बाइडेन के लिए वोट डाला. उन्होंने कहा कि मैं डोनाल्ड ट्रंप से कई मुद्दों पर असहमत हूं. इसीलिए मैंने अपना वोट उसे दिया है, जो पूरे देश को एक सूत्र में पिरो सकता है. डिक्सविले नॉच में चार अन्य मतदाताओं ने भी ट्रंप की जगह जो बाइडेन के समर्थन में मतदान किया. वहीं, मिल्सफील्ड में 16 मतदाताओं में से 5 ने ट्रंप के पक्ष में मतदान किया.
ट्रंप-बाइडेन में टक्कर
बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए मुख्य टक्कर में हैं मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) और उनके प्रतिद्वंदी डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जो बाइडेन. शुरुआती आंकड़ों में बाइडेन ट्रंप से आगे चल रहे हैं.


