वॉशिंगटन: इस समय बच्चों की सबसे बड़ी चिंता ये है कि कोरोना महामारी (Corona Pandemic) के दौरान क्रिसमस पर सांता क्लॉज (Santa Claus) उनके तोहफे लेकर आएगा या नहीं. इसे लेकर अमेरिका के शीर्ष संक्रामक रोग विशेषज्ञ (US infectious diseases expert) एंथनी फौसी (Anthony Fauci) ने बच्चों को आश्वासन दिया है कि वह महामारी में क्रिसमस सेलिब्रेशन और सांता की यात्रा पर असर नहीं पड़ने देंगे. साथ ही वादा किया है कि उन्हें हर साल की तरह इस साल भी गिफ्ट दिए जाएंगे.
एक स्थानीय समाचार चैनल को इंटरव्यू देते हुए फौसी ने खुशी से चहकते हुए बच्चों को आश्वासन दिया कि ‘उन्होंने बच्चों के लिए इसका खासतौर पर ध्यान रखा है, क्योंकि उन्हें चिंता थी कि सांता को लेकर सभी बच्चे परेशान होंगे.’
खुद गए थे सांता को वैक्सीन देने
उन्होंने यह भी कहा कि स्मार्ट बच्चों को उनके इरादों पर संदेह नहीं करना चाहिए. सांता क्लॉज की सुरक्षा का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि उसे टीका लगाने के लिए उन्होंने खुद उत्तरी ध्रुव की यात्रा की. उन्होंने मजाक में कहा, ‘कुछ समय पहले मैंने उत्तरी ध्रुव की यात्रा की. मैं वहां गया और मैंने सांता क्लॉज का टीकाकरण किया. मैंने उसकी इम्युनिटी भी चैक की और वह अच्छा है. वह चिमनी से नीचे आ सकता है. आपके लिए गिफ्ट रखकर जा सकता है. आपको इस बारे में चिंता करने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. सांता क्लॉज एकदम ठीक है.’
ये भी पढ़ें: Corona Vaccine पर ब्राजील के राष्ट्रपति Jair Bolsonaro का बयान, ‘आपको मगरमच्छ बना सकती है वैक्सीन’
सांता की यात्रा सुरक्षित लेकिन आपकी नहीं
हालांकि उन्होंने बच्चों को सांता की सुरक्षित यात्रा का आश्वासन दिया लेकिन उन्होंने बच्चों और अभिभावकों से आग्रह किया कि वे कम से कम बाहर जाएं. साथ ही सुनिश्चित करें कि वे कोरोना वायरस से संबंधित सभी दिशानिर्देशों का पालन करें. उन्होंने कहा, ‘आपको अभी भी सावधान रहने और मास्क पहनने की जरूरत है. क्योंकि जब तक हम सभी को वैक्सीन नहीं मिल जाता है तब तक आप पूरी तरह से निश्चिंत नहीं हो सकते कि वायरस नहीं है. इस प्रकोप को खत्म करने के लिए वैक्सीन बेहद अहम हैं.’
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ कभी प्यार और कभी नफरत का रिश्ता रखने वाले फौसी ने जनवरी में राष्ट्रपति की शपथ लेने जा रहे जो बाइडेन की नई COVID-19 टास्फोर्स से जुड़ने का ऑफर स्वीकार कर लिया है.
अमेरिका ने कोरोना वायरस के खिलाफ फाइजर-बायोएनटेक वैक्सीन को मंजूरी देकर बड़े पैमाने पर टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया है. मौजूदा उप-राष्ट्रपति माइक पेंस ने भी लोगों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित करने के लिए खुद भी वैक्सीन का एक डोज ले लिया है.
LIVE TV