रीवा जिले के सिरमौर तहसील के ग्राम पंचायत लालगांव के वार्ड क्रमांक एक बौडरा से सड़क से जुड़ा एक गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है। जहां सड़क और रास्ते की सुविधा न होने के कारण, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। मूलभूत सुविधाओं के अभाव से परेशान होकर गांव के लोग बच्चों के साथ शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुँचे, और सड़क की मांग को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
जनसुनवाई में आए ग्रामीणों का आरोप है कि देश को आजाद हुए इतने वर्ष बीत गए, लेकिन आज भी यहाँ के लोगों को सड़क की सुविधा नहीं मिल पाई। यहाँ बनी सरकारी स्कूल तक पहुँचने के लिए कोई पक्की सड़क या सुचारू रास्ता नहीं है। करीब 1 किलोमीटर की दूरी पर स्थित स्कूल जाने के लिए बच्चों को भारी कीचड़, गड्ढों और नालों से होकर गुज़रना पड़ता है।
स्थिति इतनी ख़राब है कि बच्चों के कपड़े गंदे हो जाते हैं और उन्हें अपने जूते हाथों में उठाकर नाला पार करना पड़ता है। सैकड़ों परिवारों की इस पुरानी बस्ती में लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन निजी ज़मीन और पट्टे के विवाद के चलते आज तक रास्ता नहीं बन सका है। इनका कहना है कि सैकड़ों सालों पुरानी बस्ती है, कई बार शिकायत कर चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इसी समस्या को लेकर एक बार फिर यहां के ग्रामीण बच्चों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे, और अपनी समस्या को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।


