छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट. (सांकेतिक फोटो)
Chhattisgarh Weather Update Monsoon 2021: मौसम विभाग ने राजधानी रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के 14 जिलों में भारी बारिश (Heavy Rain) का अलर्ट जारी किया है.
रायपुर. छत्तीसगढ़ ( Chhattisgarh ) में मानसून (Monsoon ) की एंट्री 10 जून तक हो सकती है. इससे पहले प्री मानसून में झमाझम बारिश की आशंका जताई गई है. मंगलवार को मौसम विभाग ने राजधानी रायपुर सहित 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. रायपुर, सरगुजा,बलरामपुर,जशपुर,दुर्ग, कोरबा,गरियाबंद,महासमुंद,बलौदाबजार, सहित कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक 10 जून को बस्तर ( Bastar) में मानसून प्रवेश की पूरी संभावना जताई है.
रायपुर के लालपुर स्थित मौसम विज्ञान केन्द्र के मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि भारत मौसम विभाग द्वारा 4 महीने की वर्षा ऋ तु का पूर्वानुमान जारी कर दिया गया है. चंद्रा ने बताया कि केरल में 31 मई तक मॉनसून का प्रवेश होगा और केरल से 10 जून तक बस्तर संभाग से मानसून का छत्तीसगढ़ में प्रवेश होगी. इसके बाद 15 जून तक मानसून के राजधानी रायपुर तक पहुंचने का अनुमान है और सरगुजा तक 21 जून तक मॉनसून पहुंच जाएगा. एचपी चंद्रा ने बताया कि यदि परिस्थितियां सामान्य रहती हैं तब 10 जून तक छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री हो जाएगी. मौसम विभाग द्वारा पिछले 16 सालों में साल 2015 को छोडक़र केरल में मॉनसून पहुंचने का अनुमान अब तक सही रहा है. ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि इस बार भी तय समय तक मानसून का प्रवेश होगा.
छत्तीसगढ़ पहुंचने में लगते हैं 10 दिन
केरल से मानसून के छत्तीसगढ़ पहुंचने में 10 दिनों का समय लगता है और मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक जब मानसून केरल पहुंचेगा उसके 10 दिनों में ही बस्तर में मानसून प्रवेश की संभावना है. आपको बता दें कि मानसून हिंद महासागर और अरब सागर की ओर से भारत के दक्षिण-पश्चिम तट पर आने वाली हवाओं को कहा जाता है. जिनकी वजह से भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और अन्य देशों में बारिश होती है और ये हवाएं चार माह तक सक्रिय रहती हैं.

