खाना मांगने पर पत्नी ने पति पर उंडेली खौलती सब्जी, 30 फीसदी झुलसा युवक जिला अस्पताल में भर्ती

छतरपुर जिले के बाजना थाना क्षेत्र अंतर्गत जसगुंवा कला गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां खाना मांगने को लेकर हुए विवाद में पत्नी ने गुस्से में आकर अपने पति के ऊपर खौलती हुई सब्जी डाल दी। इस घटना में पति गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार घायल युवक सुनील अहिरवार मजदूरी कर रात में घर लौटा था। घर पहुंचने के बाद उसने पत्नी से खाना मांगा। खाना देने में देरी होने पर पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में पत्नी ने गैस पर रखी खौलती हुई सब्जी का भगोना उठाकर सीधे पति के ऊपर उड़ेल दिया।

खौलती सब्जी गिरने से सुनील का चेहरा, गर्दन, सीना और दाहिना हाथ बुरी तरह झुलस गया। युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत बिजावर अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

फिलहाल जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में घायल का इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक युवक करीब 30 प्रतिशत तक झुलस गया है।घटना के बाद पीड़ित पति ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। वहीं बाजना थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here