मध्य प्रदेश के खंडवा में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान उस समय लोगों का ध्यान आकर्षित हो गया, जब नगर निगम नेता प्रतिपक्ष मुल्लू राठौर एक युवक को डॉगी का वेश धारण कराकर कलेक्टर हॉल पहुंचे। उन्होंने कुत्तों की नसबंदी के मुद्दे को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा और अनोखे अंदाज में अपना विरोध दर्ज कराया।
नेता प्रतिपक्ष का आरोप है, कि नगर निगम में कुत्तों की नसबंदी के नाम पर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों के सामने डॉग बाइट के बढ़ते मामलों से जुड़े आंकड़े भी रखे। उनका कहना था कि यदि कुत्तों की नसबंदी और उनकी संख्या को नियंत्रित करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है, तो शहर में कुत्तों के काटने की घटनाएं कम क्यों नहीं हो रही हैं।
मल्लू राठौर ने कहा कि कुत्तों के नाम पर होने वाला भ्रष्टाचार बंद होना चाहिए। साथ ही आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान किया जाना जरूरी है, ताकि शहर के लोगों को आए दिन होने वाली परेशानी और डॉग बाइट की घटनाओं से राहत मिल सके।डॉगी के वेश में युवक को देखकर जनसुनवाई में मौजूद लोग कुछ देर के लिए हैरान रह गए। इसके बाद कई लोगों के चेहरे पर मुस्कान नजर आई और मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। अधिकारियों के सामने ज्ञापन सौंपते समय यह विरोध प्रदर्शन लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
इस अनोखे प्रदर्शन का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में डॉगी के वेश में युवक के साथ नेता प्रतिपक्ष अधिकारियों के पास जाते हुए नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर कई लोग विरोध के इस अलग अंदाज की सराहना कर रहे हैं।हालांकि, इस प्रदर्शन के साथ ही नगर निगम की कार्यशैली और आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। अब देखना होगा कि अधिकारियों की ओर से इस मामले में क्या कार्रवाई की जाती है और नेता प्रतिपक्ष द्वारा कुत्तों की नसबंदी में 40 लाख के घोटाले संबंधी आरोप पर क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।