आईटीबीपी और डीआरजी का एक-एक जवान शहीद हुआ है.
छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के नारायणपुर जिले में अलग-अलग नक्सली घटनाओं में दो जवान शहीद हो गए हैं. जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज रायपुर में चल रहा है.
- News18Hindi
- Last Updated:
February 24, 2021, 11:01 PM IST
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आईटीबीपी की 53वीं बटालियन के जवानों को सोनपुर थाना क्षेत्र में गश्त के लिए रवाना किया गया था. दल के जवान जब क्षेत्र में बारूदी सुरंगों की तलाश के अभियान पर थे, तभी वापसी के दौरान एक नाले के समीप पाइप बम में विस्फोट हो गया. उन्होंने बताया कि इस घटना में जवान एल बालचंद्र की मृत्यु हो गई.
पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज ने बताया कि एक अन्य घटना में सोनपुर थाना क्षेत्र में ही कुकुर गांव के करीब नक्सलियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी कर दी. घटना में डीआरजी के जवान कांकेर उसेंडी शहीद हो गए. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में डीआरजी के जवानों को गश्त पर रवाना किया गया था. दल के जवान जब कुकुर गांव के करीब थे तब नक्सलियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी कर दी. इस घटना में कनेर उसेंडी गंभीर रूप से घायल हो गए थे. पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि जब घायल जवान को जंगल से बाहर निकाला जा रहा था तब रास्ते में उसकी मृत्यु हो गई.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक अन्य घटना में जिले के कुकराझर थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया. इस घटना में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के जवान बांकेश्वर पैकरा घायल हो गए. उन्होंने बताया कि घटना के बाद घायल जवान को नारायणपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर भेजा गया है.