मंत्री श्री जयवर्द्धनसिंह द्वारा आरोन में आजीविका भवन का लोकार्पण


मंत्री श्री जयवर्द्धनसिंह द्वारा आरोन में आजीविका भवन का लोकार्पण


 


भोपाल : गुरूवार, फरवरी 20, 2020, 19:14 IST

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री जयवर्द्धन सिंह ने गुना जिले के आरोन में ग्रामीण आजीविका मिशन के अन्तर्गत 40 लाख की लागत से निर्मित आजीविका भवन का लोकार्पण किया। श्री सिंह ने कहा कि आजीविका मिशन के समूह राशि का सदुपयोग कर व्यवसाय को बढ़ाने का प्रयास करें।

मंत्री श्री सिंह ने कहा कि महिलाएँ सशक्त होंगी तो प्रदेश भी सशक्त होगा। उन्होंने महिला स्व-सहायता समूह की सदस्यों को ऋण स्वीकृति-पत्र प्रदान किये। बैंक सीसीएल की राशि 8 लाख रूपये के स्वीकृति-पत्र 4 समूहों को दिए गए। कार्यक्रम में 32 ग्रामों के 47 समूहों को 93 व्यक्तिगत गतिविधियों के लिये 18 लाख 51 हजार रूपये स्वीकृत किए गए। श्री सिंह ने महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित सामग्रियों के स्टाल का अवलोकन किया। समूह की महिलाओं ने अपने अनुभव सुनाए।

निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन

श्री सिंह ने नगर परिषद आरोन में रैन बसेरा, स्व. श्रीमती आशा रानी देवी जी बस-स्टैण्ड के जीर्णोद्धार लागत 71 लाख 42 हजार का एवं अन्य निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन किया।

शासकीय महाविद्यालय आरोन में विद्यार्थियों का सम्मान

मंत्री श्री जयवर्द्धन सिंह ने शासकीय महाविद्यालय आरोन के वार्षिकोत्सव में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि कॉलेज में इन्डोर स्टेडियम नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा बनवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कॉलेज में ऑडिटोरियम का निर्माण करवाने का भी प्रयास करेंगे। श्री सिंह ने कहा कि विद्यार्थी समय का सदुपयोग कर अपना भविष्य सवारें।

कौटिल्य अकादमी में बच्चों से भेंट

मंत्री श्री सिंह ने कौटिल्य अकादमी में कोचिंग ले रहे बच्चों से चर्चा कर उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बेहतर पढ़ाई कर जिले का नाम रोशन करें। गौरतलब है कि मंत्री श्री सिंह के प्रयासों से अकादमी में बच्चों को नि:शुल्क कोचिंग दी जा रही है।

निर्माण कार्यों का निरीक्षण

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री सिंह ने आरोन नगर में 5 करोड़ की लागत के निर्माणाधीन स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर के पार्कों का अवलोकन कर उनके सौन्दर्यीकरण का प्रस्ताव भेजने के भी निर्देश दिए। इस दौरान स्थानीय जन-प्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।


राजेश पाण्डेय/अशोक द्विवेदी


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here