शिवपुरी -भैंस चोरी कर जंगल में छिपे थे 5 आरोपी, अंधेरे में भागने की फिराक में थे; पुलिस ने 8 घंटे में पकड़ा

शिवपुरी जिले के सुभाषपुरा थाना क्षेत्र में भैंस चोरी करने के बाद पांच आरोपी उसे लोडिंग वाहन में रखकर भैंसोरा के जंगल में छिप गए। आरोपी अंधेरा होने पर वहां से भागने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने चोरी की सूचना मिलने के करीब 8 घंटे के भीतर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर भैंस और वारदात में इस्तेमाल लोडिंग वाहन MP 07 ZQ 8820 जब्त कर लिया।पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर को इंदरगढ़ निवासी औतार पुत्र जगन्नाथ परिहार (48) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर के खिरक में बंधी भैंस रात 10 बजे से 16 नवंबर की रात 2 बजे के बीच चोरी हो गई।

शिकायत पर सुभाषपुरा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 158/26 के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।जंगल में वाहन के साथ कर रहे थे इंतजार -मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने थाना प्रभारी अरविंद सिंह चौहान को जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरडी प्रजापति और एसडीओपी सचिन कुमार धुर्वे के निर्देशन में पुलिस ने तलाश शुरू की। इसी दौरान भैंसोरा के जंगल में एक लोडिंग वाहन में चोरी की भैंस मिली।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी अंधेरे में वहां से निकलने का इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने मौके से पांचों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शौकत खान (30), शाहिद कुरैशी (18), सुमित रजक (22), शाहिद कुरैशी (20) और शकील कुरैशी (25) के रूप में हुई है। इनमें चार आरोपी ग्वालियर के निवासी हैं, जबकि शाहिद कुरैशी (20) झांसी का निवासी है और वर्तमान में ग्वालियर में रह रहा था। पुलिस ने भैंस और लोडिंग वाहन जब्त कर मामले में आगे की विवेचना शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here