दतिया। भगुवापुरा पुलिस ने लांच, अतरेटा और थरेट पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए डकैती की योजना बना रहे 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी रामपुरा खुर्द स्थित बीजासेन माता मंदिर परिसर में एकत्र होकर आलमपुर रोड स्थित पेट्रोल पंप पर डकैती की साजिश रच रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को मौके से दबोच लिया।आरोपियों के कब्जे से 2 देशी कट्टे, 2 जिंदा कारतूस, लोहे के सब्बल-कटर सहित अन्य उपकरण और एक वेन्यू कार बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल रायपुरिया, रानू जाटव, आर्यन शर्मा, आर्यन राठौर और अंशुल राजपूत के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों की पंडोखर क्षेत्र में तार चोरी की घटना में भी संलिप्तता सामने आई है। अन्य चोरी की वारदातों में उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ भगुवापुरा थाने में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।


