देशभर में सुहागिन महिलाएं करवा चौथ का व्रत श्रद्धा और उत्साह के साथ मना रही हैं। इस बीच कई इलाकों में बादल और बारिश होने के कारण महिलाओं को चांद के दीदार का इंतजार करना पड़ रहा है। ऐसे में भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मजाकिया अंदाज में चांद निकलने का समय पता करने का तरीका बताया है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल, मौसम विभाग ने गुरुवार देर शाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दो दोस्तों के बीच बातचीत के जरिए एक पोस्ट साझा की। इसमें एक दोस्त करवा चौथ पर आसमान में बादल छाए होने से परेशान नजर आता है। वह बताता है कि उसकी पत्नी लगातार पूछ रही है कि चांद कब निकलेगा।इस पर उसका दोस्त अमित उसे सलाह देता है कि परेशान होने की जरूरत नहीं है। अपने मोबाइल पर मौसम विभाग की आधिकारिक वेबसाइट खोलकर अपने शहर में चांद निकलने और अस्त होने का समय पता किया जा सकता है। पोस्ट में बादलों को प्रकृति की प्रक्रिया बताते हुए सही समय पर बाहर जाकर करवा चौथ की पूजा संपन्न करने की बात भी कही गई।
IMD की वेबसाइट पर ऐसे जानें चांद निकलने का समयचांद निकलने का समय जानने के लिए अपने मोबाइल या लैपटॉप पर भारतीय मौसम विभाग की आधिकारिक वेबसाइट *https://mausam.imd.gov.in/* खोलें। इसके बाद अपने शहर या स्थान का चयन कर संबंधित जानकारी देखें। वेबसाइट पर उपलब्ध विवरण के माध्यम से चांद निकलने और अस्त होने के समय के साथ सूर्योदय और सूर्यास्त की जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है।इस तरह बादलों के बीच चांद का इंतजार कर रही महिलाओं और उनके परिवारों को अपने शहर के समय की जानकारी मिल सकती है। हालांकि, बादल छाए रहने की स्थिति में चांद दिखाई देने का समय और दृश्यता स्थानीय मौसम पर निर्भर करेगी।


